'मेरे माता पिता को...मानसिक या शारीरिक प्रताड़ना दी गई है', तेज प्रताप यादव ने लगाया बड़ा आरोप

लालू परिवार का आंतरिक कलह अब पूरी तरह सामने आ गया है. लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी बहन रोहिणी का खुलकर समर्थन दिया है. साथ ही तेज प्रताप ने कहा है कि उनके माता-पिता के साथ गलत हो रहा है और इसकी जांच के लिए केंद्र और बिहार सरकार से गुजारिश की है.

Tej Pratap Yadav Allegations
तेज प्रताप यादव ने लगाए गंभीर आरोप

शशि भूषण कुमार

follow google news

बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम के साथ-साथ लालू परिवार का आंतरिक कलह भी खुलकर सामने आ गया है. अब लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने खुलकर अपनी बहन रोहिणी आचार्य का समर्थन दिया है. बीते दिनों रोहिणी आचार्य ने अपने भाई तेजस्वी यादव और उनके दोनों सहयोग संजय-रमीज पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. अब तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर कहा कि उनके माता-पिता के साथ गलत हो रहा है. साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार और बिहार सरकार से निवेदन की है कि इस मामले की तत्काल  जांच कराई जाएं. आइए विस्तार से जानते है पूरा मामला.

Read more!

तेज प्रताप ने पोस्ट में क्या लिखा?

तेज प्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड करते हुए पोस्ट लिखा कि, सोशल मीडिया पर जो खबरें चल रही हैं, उन्होंने मेरे दिल को चीर कर रख दिया है. फिर उन्होंने एक इंस्टाग्राम पोस्ट का लिंक भी दिया. 

तेज प्रताप ने आगे लिखा कि, बताया जा रहा है कि कुछ जयचंद-प्रवृत्ति के लोग मेरे पूजनीय माता–पिता माननीय श्री लालू प्रसाद जी और मेरी माता जी को मानसिक और शारीरिक दबाव में रखने की नापाक कोशिश कर रहे हैं. अगर इनमें जरा भी सच्चाई है, तो यह सिर्फ मेरे परिवार पर हमला नहीं… पूरी RJD की आत्मा पर सीधा वार है.

जयचंदों पर साधा निशाना

तेज प्रताप ने आगे इसी पोस्ट में जयचंद पर हमला बोला है. उन्होंने लिखा कि, टिकट वितरण में अनियमितताएं, पैसे लेकर टिकट बांटना, और चाटुकारों की मिलीजुली राजनीति, इन सबने वर्षों से RJD को खड़ा करने वाले उन स्तंभों को नजरअंदाज किया जिन्होंने दिन-रात पार्टी के लिए खुद को खपा दिया. आज वही जयचंद, लालच और चापलूसी के दम पर घर और संगठन- दोनों का सत्यानाश कर रहे हैं.

केंद्र और बिहार सरकार से निवेदन

तेज प्रताप ने आगे लिखा कि, मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी, और बिहार सरकार से यह निवेदन करता हूं, इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, सख्त और तत्काल जांच कराई जाए. मेरे माता–पिता को यदि किसी भी रूप में मानसिक या शारीरिक प्रताड़ना दी गई है, तो जिम्मेदार लोगों पर सबसे कड़ी कार्रवाई की जाए. मेरे पिता जी पहले से अस्वस्थ हैं- ऐसा दबाव वह बिल्कुल सहन नहीं कर सकते.

FIR की भी की मांग

तेज प्रताप ने इस मामले में सरकार से FIR करने की भी मांग की है. उन्होंने लिखा, मैं सरकार से यह भी आग्रह करता हूं कि मेरी बहन, मेरी माता जी और मेरे पिता के साथ यदि किसी ने बदसलूकी की, धक्का-मुक्की की, भद्दी गालियाँ दीं या मानसिक/शारीरिक प्रताड़ना दी तो संजय यादव, रमीज नेमत खान (रामित/रमीज) और प्रीतम यादव जैसे नामों पर तुरंत FIR दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए.

रोहिणी ने कही थी ये बड़ी बात

रोहिणी ने अपने पिता के उत्तराधिकारी तेजस्वी यादव और संजय यादव पर हमला बोला. उन्होंने विवाहित महिलाओं को सलाह दी कि वे अपने भाई से या किसी हरियाणवी दोस्त से किडनी दान करने के लिए कहें, लेकिन स्वयं ऐसा कदम कभी न उठाएं.

यह खबर भी पढ़ें: रोहिणी आचार्य ने किडनी को लेकर फिर खोला मोर्चा, खराब गले के साथ फोन पर खूब सुनाया, देखें वीडियो

    follow google news