बिहार में एक बार फिर लालू प्रसाद यादव के बड़े लाल तेज प्रताप यादव चर्चा में आ गए है और इस बार भी वजह अनुष्का यादव ही है. दरअसल बीते कल एक खबर आई की अनुष्का यादव ने एक बच्ची को जन्म दिया है, जिसके बाद लोग इसे तेज प्रताप से जोड़ने लगे. बात आग की तरह फैली तो तेज प्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात को सिरे से खारिज कर दिया और साथ ही 5 जयचंदों के नाम का खुलासा भी किया, जिसमें आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह का भी नाम था. लेकिन आज सुनील सिंह ने तेज प्रताप के बयान को बचकाना बताया, जिसके बाद अब तेज प्रताप ने फिर एक बयान देते हुए कहा कि, 'हमसे भिड़िएगा तो गच्चा में गिरिएगा सुनील सिंह जी'. आइए विस्तार से समझते हैं पूरा मामला और जानते है इस विवाद की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
तेज प्रताप ने किसे-किसे बताया जयचंद?
बीते कल तेज प्रताप यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पिता बनने वाली बातों को खारिज किया. इसके अलावा उन्होंने 5 जयचंदों के नाम का खुलासा करते हुए कहा कि, नंबर वन तो मुकेश रोशन, नंबर टू में हो गए संजय यादव, नंबर थ्री में हो गए रमीज, नंबर फोर में आ गए शक्ति सिंह और पांचवें नंबर पर सुनील सिंह है. तेज प्रताप के इस खुलासे के राजनीतिक गलियारों में माहौल गरमाया हुआ है.
सुनील सिंह ने बताया था बचकाना बयान
आज जब सुनील सिंह से तेज प्रताप के इस बयान पर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, 'आप लोग भी जानते हैं कि तेज प्रताप जी बहुत जिम्मेवार पद पर रहे हैं. बिहार सरकार में दो-दो बार मंत्री रहे हैं. फिर भी बातों को गंभीरता से नहीं लेता. सभी लोग जानते हैं वो क्या कब बोलेंगे कब आपके साथ हो जाएंगे? कब आपके जुदा हो जाएंगे.' उन्होंने आगे कहा कि तेज प्रताप यादव ने पहले भी पार्टी के शीर्ष नेताओं के खिलाफ बयान दे चुके है. सुनील सिंह ने लालू यादव को अपना अभिभावक बताते हुए कहा कि वे उनके बड़े बेटे है और उनके इस बचकाना बयान पर हम किसी तरह का बयान देना उचित नहीं समझते हैं.
तेज प्रताप यादव ने दी चेतावनी
वहीं अब सुनील सिंह के बयान के बाद तेज प्रताप यादव ने फिर उन्हें चुनौती दे दी है. उन्होंने कहा है कि, देखन में छोटन लागे घाव करें गंभीर. सुनील सिंह जी ये जान लीजिए वो दौड़ नहीं रहा, आपका दौड़ चला गया है. अब हमारा दल बन चुका है और हमसे भिड़िएगा तो गच्चा में गिरिएगा सुनील सिंह जी. तेज प्रताप ने यह तक कहा है कि राजद में बड़े भाई यानी उनका अपमान हुआ है.
'जनशक्ति जनता दल ही लालू जी की पार्टी'
तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर कहा है कि, दही-चूड़ा के दिन लालू जी ने यहां आकर संकेत दे दिया है कि, जनशक्ति जनता दल ही लालू जी की ओरिजिनल पार्टी है. तेज प्रताप ने यह भी कहा है कि राजद के कई कार्यकर्ता दिनभर हमारे यहां आता है और मेरी पार्टी जॉइन भी कर रहा है. इसके अलावा तेज प्रताप ने फिर एक बार अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को अपनी पार्टी राजद को जनशक्ति जनता दल में मिलाने की नसीहत दे दी है.
कहां से शुरू हुआ था विवाद?
दरअसल इस मामले की शुरुआत मई 2025 में हुई थी जब तेज प्रताप के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट सामने आया था, जिसमें उनके और अनुष्का यादव के 12 साल के रिलेशनशिप का खुलासा हुआ. हालांकि यह पोस्ट कई बार रिपोस्ट और डिलीट हुआ. इसके अलावा तेज प्रताप और अनुष्का यादव के कई रील भी वायरल हुए थे जिसमें वे पति-पत्नी की तरह नजर आ रहे थे. विवाद बढ़ा तो लालू यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से दूर कर दिया. अब अनुष्का के मां बनने की बात के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है.
यह खबर भी पढ़ें: बिहार: अनुष्का यादव के बच्चे पर तेज प्रताप ने तोड़ी चुप्पी, कैमरे के सामने कही ये बड़ी बात
ADVERTISEMENT

