243 सीटों पर तेजस्वी यादव के चुनाव लड़ने का ऐलान! कांग्रेस को अल्टीमेटम या कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाने की रणनीति...क्या हैं बयान के मायने?

मणि भूषण शर्मा

14 Sep 2025 (अपडेटेड: Sep 14 2025 4:41 PM)

Bihar Elections 2025: मुजफ्फरपुर के कांटी में तेजस्वी यादव ने 243 विधानसभा सीटों पर खुद चुनाव लड़ने की बात कही है. इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी पर भी हमला बोला और अपने पिता लालू प्रसाद यादव की उपलब्धियां गिनाईं.

Tejashwi Yadav statement
तेजस्वी यादव
Google CTA

Bihar Elections 2025: बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बयान देकर प्रदेश की सियासी हलचल मचा दी है. दरअसल, मुजफ्फरपुर के कांटी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 243 विधानसभा सीटों पर तेजस्वी चुनाव लड़ेंगे. उनके इस बयान के बाद ना केवल महागठबंधन की रणनीति पर सवाल उठने लगे बल्कि यह भी संकेत मिलने लगे कि तेजस्वी यादव अब कांग्रेस समेत अन्य सहयोगियों के साथ तालमेल की बजाय खुद चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं. अब उनका ये बयान कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बन हुआ है.

Read more!

पीएम मोदी और लालू यादव पर बयान

कांटी हाई स्कूल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला. इस दौरान  उन्होंने लाेगों के बीच अपने पिता लालू प्रसाद यादव की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि लालू जी ने रेलवे में चार-चार कारखाने दिए, हर बजट में किराया कम किया और 90 हजार करोड़ का मुनाफा कमाया. उन्होंने भाजपा पर लोगों के वोट के अधिकारों को छीनने और उनके अस्तित्व को मिटाने का आरोप लगाया. तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान किया. 

क्या कांग्रेस को चेतावनी है यह बयान?

तेजस्वी यादव की यह घोषणा बिहार की राजनीति में कई मायनों में अहम मानी जा रही है. अभी तक RJD महागठबंधन का हिस्सा रही है, लेकिन इस नए रुख ने कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के लिए भी चिंता बढ़ा दी है. हालांकि तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान यह बातें रखी हैं, लेकिन माना जा रहा है कि कहीं न कहीं तेजस्वी यादव ने कांग्रेस को आंख दिखाने की भी कोशिश की है.

गौरतलब है कि कांग्रेस सीएम फेस के लिए नेता चुनने की से बच रही है. वहीं इस बीच तेजस्वी यादव ने स्पष्ट कर दिया कि नेता माने तो तेजस्वी यादव ही हैं. तेजस्वी यादव पहले ही वोटर अधिकार यात्रा के जरिए राज्य भर में माहौल बनाने में जुट गए हैं और अब वह बिहार अधिकार यात्रा के रूप में आगे बढ़ने वाले हैं.

क्या है बयान के पीछे का संदेश?

ऐसे में यह ऐलान न सिर्फ आरजेडी कार्यकर्ताओं में जोश भरने वाला है बल्कि चुनावी समीकरणों को भी पूरी तरह से बदल सकता है. कुल मिलाकर तेजस्वी यादव ने अपने इस बयान से यह स्पष्ट कर दिया कि 2025 का विधानसभा चुनाव तेजस्वी बनाम सबकी तर्ज पर लड़ा जाएगा. महागठबंधन की तस्वीर अब भी धुंधली होती नजर आ रही है.

ये भी पढ़ें: बिहार में सीट बंटवारे को लेकर जीतनराम मांझी का बड़ा बयान, NDA के सामने रखी बड़ी डिमांड!