UGC रेगुलेशन 2026 के समर्थन में पटना में भारी बवाल, सड़कों पर उतरे छात्रों के साथ पुलिस की हुई तीखी नोकझोंक

Patna Student Protest: UGC रेगुलेशन 2026 को लेकर पटना में बड़ा बवाल देखने को मिला. ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के सैकड़ों छात्र नए यूजीसी नियमों के समर्थन में सड़कों पर उतरे, जहां उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई. गांधी मैदान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया. जानिए छात्रों की मांग, नियमों का मतलब और पूरे घटनाक्रम की पूरी कहानी.

Patna Student Protest
पटना में UGC रेगुलेशन के समर्थन में बवाल

रोहित कुमार सिंह

follow google news

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों को लेकर देश भर में जारी बहस के बीच, आज बिहार की राजधानी पटना में माहौल तनावपूर्ण हो गया. यहां एक तरफ सामान्य वर्ग के छात्र इन नियमों का विरोध कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ओबीसी (OBC), एससी (SC) और एसटी (ST) वर्ग के सैकड़ों छात्रों ने आज यूजीसी रेगुलेशन 2026 के समर्थन में पटना की सड़कों पर उतरकर शक्ति प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिसकर्मियों और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. आइए विस्तार से समझते हैं पूरी कहानी.

Read more!

गांधी मैदान पर छात्रों का 'शक्ति प्रदर्शन'

पटना यूनिवर्सिटी के सैकड़ों छात्र बैनर और पोस्टरों के साथ 'यूजीसी रेगुलेशन लागू करो' के नारे लगाते हुए सड़कों पर निकले. यह विरोध मार्च यूनिवर्सिटी से शुरू होकर गांधी मैदान के जेपी गोलंबर तक पहुंचा. छात्रों की मांग है कि यूजीसी के नए नियमों को यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में अविलंब लागू किया जाए ताकि कैंपस में होने वाले जातिगत भेदभाव पर लगाम लग सके. 

छावनी में तब्दील हुआ इलाका

प्रदर्शन में छात्रों की संख्या बढ़ता देख पटना पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की थी. छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए प्रशासन ने लोहे की बैरिकेडिंग लगा रखी थी, जिसके कारण पुलिस और छात्रों के बीच काफी मशक्कत और धक्का-मुक्की भी हुई. हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर वाटर कैनन (वज्र वाहन) भी तैयार रखा था ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके.

क्यों समर्थन कर रहे हैं छात्र?

समर्थन में उतरे छात्रों का तर्क है कि यूजीसी का नया नियम (Promotion of Equity in Higher Education Institution Regulations 2026) उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक कदम है. इसके तहत कैंपस में एससी-एसटी के साथ-साथ अब ओबीसी छात्रों के लिए भी समर्पित शिकायत निवारण सेल (Complaint Cell) बनाना अनिवार्य होगा, जो उन्हें जातिगत प्रताड़ना से सुरक्षा प्रदान करेगा.

अफरा-तफरी का माहौल

प्रदर्शन के दौरान गांधी मैदान और उसके आसपास के इलाकों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे छात्रों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: 'परिजनों को भरोसा नहीं था, इसलिए सौंपी CBI को जांच', शंभू गर्ल्स हॉस्टल कांड पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा बयान

    follow google news