बिहार के क्रिकेट सनसनी और अंडर-19 वर्ल्ड कप के स्टार वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. पिछले कई दिनों से चर्चा थी कि वैभव 17 फरवरी से शुरू हो रही सीबीएसई (CBSE) 10वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे, लेकिन अब यह साफ हो गया है कि वे इस साल एग्जाम नहीं देंगे. वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने स्पष्ट किया है कि उनके बेटे ने फिलहाल किताबों से ज्यादा बल्ले को तरजीह दी है. आइए विस्तार से जानते हैं पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
क्रिकेट और ट्रेनिंग कैंप पर पूरा फोकस
वैभव के पिता के अनुसार, आईपीएल (IPL) की तैयारियों और विशेष ट्रेनिंग कैंप के व्यस्त शेड्यूल के कारण परीक्षा में शामिल होना संभव नहीं था. वैभव फिलहाल अपना पूरा ध्यान क्रिकेट करियर पर केंद्रित करना चाहते हैं. हालांकि, उनका परीक्षा फॉर्म भरा गया था और एडमिट कार्ड भी जारी हो चुका था, लेकिन परिवार ने फैसला किया है कि वैभव अब अगले साल बोर्ड की परीक्षा में शामिल होंगे.
प्रशासन की तैयारी धरी की धरी रही
दिलचस्प बात यह है कि वैभव के परीक्षा केंद्र पहुंचने की खबरों के बीच स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर था. डीएसपी की ओर से परीक्षा केंद्र (पोदार इंटरनेशनल स्कूल) पर सुरक्षा के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स भेजने की तैयारी कर ली गई थी. शिक्षकों और स्टाफ में भी उन्हें देखने का भारी उत्साह था, लेकिन परिवार द्वारा स्पष्टीकरण दिए जाने के बाद अब सुरक्षा और विशेष इंतजामों की जरूरत खत्म हो गई है.
22 फरवरी को नीतीश कुमार से करेंगे मुलाकात
भले ही वैभव परीक्षा नहीं दे रहे हैं, लेकिन वे 22 फरवरी को एक दिन के लिए बिहार आ रहे हैं. इस दौरान वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करेंगे. हाल ही में आईपीएल 2025 में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव को 'सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन' का अवॉर्ड मिला था, जिसके तहत उन्हें टाटा की इलेक्ट्रिक कार मिली है. वैभव ने यह कार अपनी मां को गिफ्ट करने की घोषणा की है.
अगले साल देंगे परीक्षा
समस्तीपुर के ताजपुर स्थित मॉडस्टी स्कूल, जहां वैभव पढ़ते हैं, के डायरेक्टर ने भी पुष्टि की है कि एडमिट कार्ड जारी होने के बावजूद वैभव इस बार परीक्षा केंद्र नहीं पहुंचेंगे. 14 साल की उम्र में दुनिया भर के गेंदबाजों की धुलाई करने वाले इस युवा खिलाड़ी की नजरें फिलहाल क्रिकेट के बड़े मंचों पर टिकी हैं, और बोर्ड एग्जाम की पिच पर उनकी वापसी अब अगले साल ही होगी.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: "हमें बहू मंजूर है..." ईशान किशन की शादी पर दादा का बड़ा खुलासा, बताया किससे शादी के बंधन में बंधेंगे क्रिकेटर
ADVERTISEMENT

