Vaishali Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 14 बच्चों की मौत हो गई. रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है. इस बीच बिहार तक की टीम हादसे वाली जगह पर पहुंची. यहां टीम ने उस जर्जर नाव को दिखाया है जिसपर ये हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि यह दर्दनाक हादसा रामपुर श्यामचंद गांव के पास उस वक्त हुआ जब लोग एक छोटे से हिस्से को पार कर सामने वाले गांव में श्राद्ध भोज में शामिल होने गए थे और रात को वापस लौट रहे थे. हादसे के बाद से हर तरफ चीख-पुकार मची हुई है.
ADVERTISEMENT
जानें क्या रही हादसे की वजह?
स्थानीय लोगों और इलाके के पूर्व भाजपा विधायक सतीश राय से मिली जानकारी के अनुसार, यह एक सरकारी नाव थी जो बाढ़ प्रभावित राघोपुर क्षेत्र के लिए दी गई थी. हालांकि, लंबे समय से सही रखरखाव न होने के कारण यह नाव बेहद जर्जर हालत में पहुँच चुकी थी. जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय नाव की क्षमता महज 8 से 10 लोगों की थी, लेकिन उसमें 20 से 25 लोग सवार थे जिनमें ज्यादातर बच्चे शामिल थे. नाव में एक बड़ा छेद होने के कारण गंगा का पानी तेजी से अंदर भरने लगा, जिससे उसका वजन बढ़ गया. बच्चे घबराकर इधर-उधर भागने लगे, जिससे संतुलन बिगड़ा और नाव नदी के बीचों-बीच पलट गई.
मुआवजे का हुआ ऐलान
बता दें कि राघोपुर राजनीतिक रूप से भी अहम इलाका है. यह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है, जबकि चिराग पासवान के संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत भी आता है. हादसे पर तेजस्वी यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. वहीं, सम्राट चौधरी सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है. इसके अलावा, प्रधानमंत्री राहत कोष से भी प्रत्येक पीड़ित परिवार को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है.
यह भी पढ़ें: तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र में बड़ा हादसा, गंगा में नाव पलटने से 14 की मौत
ADVERTISEMENT


