पटना पहुंचने वाले ब्रिटेन के 'AI मिनिस्टर' कनिष्क नारायण कौन, जानिए क्या है बिहार से उनका कनेक्शन?

Kanishka Narayan biography: बिहार के मुजफ्फरपुर की गलियों से निकलकर ब्रिटेन की संसद और कैबिनेट तक का सफर तय करने वाले कनिष्क नारायण 23 साल बाद अपनी मातृभूमि बिहार लौटे. यूके के एआई और ऑनलाइन सेफ्टी मंत्री कनिष्क ने अपनी जड़ों से जुड़कर पुरानी यादें ताजा कीं. उनके इस दौरे ने पूरे बिहार को गर्व से भर दिया है.

Kanishka Narayan biography
Kanishka Narayan biography

मणि भूषण शर्मा

follow google news

Kanishka Narayan Kaun Hain: प्रतिभा किसी सरहद की मोहताज नहीं होती और जब बात बिहार के हुनर की हो तो दुनिया नतमस्तक हो जाती है. इसका ताजा उदाहरण हैं कनिष्क नारायण. यूनाइटेड किंगडम (UK) की सरकार में एआई (Artificial Intelligence) और ऑनलाइन सेफ्टी जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे कनिष्क नारायण करीब 23 साल बाद अपनी जन्मभूमि बिहार के मुजफ्फरपुर आए. इस दौरान वो अपनी मिट्टी की खुशबू और अपनों का प्यार देख मंत्री भावुक नजर आए. ऐसे में अब उनके यहां आने से लोगों में जिज्ञासा बढ़ गई है कि आखिर कौन हैं कनिष्क नारायण, वो बिहार में कहां के रहने वाले हैं और कैसे उन्होंने बिहार से यूनाइटेड किंगडम तक का सफर तय कर वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाई. चलिए विस्तार से जानते हैं इस खबर में...  

Read more!

मुजफ्फरपुर में जन्म, वैशाली से नाता

कनिष्क नारायण का जन्म नवंबर 1989 में बिहार में हुआ था. उनका पैतृक गांव वैशाली जिले के गोरल प्रखंड में है. उनकी शुरुआती परवरिश और शिक्षा मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध प्रभात तारा स्कूल में हुई. कनिष्क के परिवार का संबंध बिहार की बौद्धिक और सामाजिक संस्कृति से गहरा रहा है, लेकिन बेहतर अवसरों की तलाश में उनका परिवार पहले दिल्ली और फिर वेल्स (UK) शिफ्ट हो गया.

ऑक्सफोर्ड और स्टैनफोर्ड का सफर

कनिष्क की शैक्षणिक योग्यता किसी को भी प्रभावित कर सकती है. कार्डिफ में स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद, उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर ब्रिटेन के सबसे प्रतिष्ठित इटन कॉलेज (Eton College) में छात्रवृत्ति हासिल की. इसके बाद उन्होंने:

यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड: यहां से उन्होंने PPE (राजनीतिक दर्शन और अर्थशास्त्र) की डिग्री ली

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी: यहां से उन्होंने एमबीए (MBA) की पढ़ाई पूरी की

18 साल की उम्र में शुरू किया राजनीतिक करियर

कनिष्क नारायण का राजनीति से लगाव बहुत कम उम्र में ही हो गया था. मात्र 18 साल की उम्र में वह ब्रिटेन की लेबर पार्टी से जुड़ गए थे. राजनीति में सक्रिय होने से पहले उन्होंने ब्रिटिश सिविल सर्विस और कैबिनेट ऑफिस में बतौर सलाहकार (Advisor) काम किया, जहां उन्होंने सरकारी नीतियों को करीब से समझा.

ब्रिटेन की सरकार में अहम जिम्मेदारी

4 जुलाई 2024 को कनिष्क नारायण वेल्स के निर्वाचन क्षेत्र से सांसद (MP) चुने गए. उनकी विशेषज्ञता और तकनीकी समझ को देखते हुए सितंबर 2025 में प्रधानमंत्री ने उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑनलाइन सेफ्टी मंत्री नियुक्त किया. आज वह यूके सरकार में सेमीकंडक्टर, उभरती तकनीकों और इंटरनेट सुरक्षा जैसी वैश्विक नीतियों को आकार दे रहे हैं.

23 साल बाद बिहार वापसी और भावुकता

हाल ही में दिल्ली में आयोजित 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' में यूके का प्रतिनिधित्व करने के बाद कनिष्क सीधे बिहार पहुंचे. मुजफ्फरपुर की धरती पर कदम रखते ही वह भावुक हो गए. उन्होंने कहा, "मैं 23-24 साल बाद अपनी जन्मभूमि आया हूं. मुजफ्फरपुर की लीची और यहाँ के लोगों का अपनापन आज भी वैसा ही है."

पटना पहुंचने पर जेडीयू नेता संजय झा ने मिथिला की परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया. कनिष्क का कहना है कि भारत और यूके के बीच एआई (AI) के क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं और वह इस दिशा में सेतु का काम करना चाहते हैं.

यह भी पढ़ें: प्रशांत किशोर की जन सुराज का कांग्रेस में होगा विलय? प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद पीके ने खोल दिया राज

    follow google news