Roshan Anand and Prince Yadav Connection: बिहार की राजधानी पटना के शिक्षा जगत में पिछले कुछ दिनों से खान सर की कोचिंग 'खान ग्लोबल स्टडीज' और 'ज्ञान बिंदु एकेडमी' के बीच का विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. इसी हाई-प्रोफाइल विवाद के बीच अब एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है. इस मामले में आरोपी प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. ऐसे में चलिए जानते हैं कौन थे प्रिंस यादव और इस पूरे विवाद से उनका क्या संबंध था.
ADVERTISEMENT
कौन हैं प्रिंस यादव?
प्रिंस यादव बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले थे. वो चर्चित संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रोशन आनंद सर के सगे भाई थे. रोशन आनंद इस एकेडमी का संचालन मुख्य कार्य देखते हैं तो वहीं प्रिंस यादव संस्थान के दैनिक कामकाज, प्रशासनिक कार्यों और मैनेजमेंट के काम की जिम्मेदारी संभालते थे.
खान सर विवाद में कैसे आया नाम?
दरअसल, हाल ही में फैजल खान (खान सर) की कोचिंग खान ग्लोबल स्टडीज के साथ ज्ञान बिंदु एकेडमी का एक बड़ा विवाद खड़ा हुआ था. इस वर्चस्व की लड़ाई और विवाद के बाद पुलिस में एक FIR दर्ज कराई गई थी. इस FIR में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद के साथ-साथ उनके भाई प्रिंस यादव को भी नामजद आरोपी बनाया गया था.
गिरफ्तारी के डर से भागकर छिपे थे नेपाल
कोचिंग विवाद में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया था, जो फिलहाल जेल में बंद हैं. वहीं दूसरी ओर प्रिंस यादव पुलिस की गिरफ्तारी के डर से बिहार छोड़कर नेपाल चले गए थे. वह गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल के विराटनगर में रह रहे थे.
नेपाल के होटल में मिला शव, पांच लोग हिरासत में
अब नेपाल जाने के कुछ ही दिनों बाद विराटनगर के एक होटल के कमरे से प्रिंस यादव का शव बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया. घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए नेपाल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है.
पैतृक गांव सहरसा के धमसैना में पसरा मातम
प्रिंस यादव की नेपाल में रहस्यमयी मौत की खबर जैसे ही बिहार के सहरसा जिले में स्थित उनके पैतृक गांव धमसैना पहुंची तो वहां कोहराम मच गया. रोशन आनंद और प्रिंस के घर पर मातम पसर गया. उनके घर पर सांत्वना देने वाले स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई है. फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मौत के असली कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गहन जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह साफ हो सकेगी.
ADVERTISEMENT


