BIZ DEAL: Tata, MG और Mahindra की इलेक्ट्रिक कारों पर बंपर छूट, इस कार पर मिल रहा 3.35 लाख रुपए तक का फायदा!

Biz Deal: जून 2026 में Tata, MG और Mahindra की इलेक्ट्रिक कारों पर बंपर छूट का ऐलान किया गया है. Tata Curvv EV पर 3.35 लाख रुपये तक का फायदा, Mahindra XUV 400 EV पर 2.85 लाख रुपये की बचत और MG ZS EV पर 2.55 लाख रुपये तक का डिस्काउंट मिल रहा है. विस्तार से जानिए पूरी बात.

EV Cars Discount
इलेक्ट्रिक गाड़ियो पर टाटा, एमजी और महिंद्रा दे रहें भारी छूट!

चिराग ठाकुर

follow google news

अगर आप इस महीने एक नई इलेक्ट्रिक कार (EV) खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहद शानदार खबर है. जून 2026 में देश की बड़ी कार निर्माता कंपनियां जैसे Tata Motors, MG Motors और Mahindra अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर बंपर डिस्काउंट दे रही हैं. इस महासेल में ग्राहकों को कुछ मॉडल्स पर हजारों रुपये तो कुछ चुनिंदा मॉडल्स पर सीधे 3 लाख रुपये से भी ज्यादा की भारी बचत करने का मौका मिल रहा है. कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ग्रीन बोनस, एक्सचेंज बोनस, कॉर्पोरेट डिस्काउंट और स्क्रैपेज बेनिफिट जैसे कई ऑफर्स दे रही हैं.

Read more!

इलेक्ट्रिक कार बाजार में Tata Motors का सबसे बड़ा धमाका

भारतीय ईवी बाजार में सबसे बड़ा डिस्काउंट ऑफर इस समय टाटा मोटर्स के पास है. पहली बार इलेक्ट्रिक कार खरीदने की सोच रहे ग्राहकों के लिए कंपनी अपनी एंट्री-लेवल हैचबैक Tata Tiago EV और कॉम्पैक्ट एसयूवी Punch EV पर 1,45,000 रुपए तक का भारी फायदा दे रही है. कम बजट वाले ग्राहकों के लिए Tiago EV एक बेहतरीन विकल्प बनी हुई है, वहीं मजबूत रोड प्रेजेंस चाहने वालों के लिए Punch EV पर अच्छा ऑफर है. इसके अलावा देश की सबसे लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एसयूवी में से एक Tata Nexon EV पर ग्रीन बोनस, एक्सचेंज और स्क्रैपेज बेनिफिट्स को मिलाकर करीब 1,50,000 रुपए तक की बचत की जा रही है.

टाटा की इन प्रीमियम गाड़ियों पर मिल रही है रिकॉर्डतोड़ छूट

टाटा मोटर्स के पोर्टफोलियो में सबसे बड़ा और आकर्षक ऑफर कंपनी की स्टाइलिश एसयूवी कूप Tata Curvv EV पर दिया जा रहा है. जून के इस महीने में Curvv EV खरीदने वाले ग्राहक कुल मिलाकर 3,35,000 रुपए तक की बड़ी बचत कर सकते हैं, जो कि इस समय पूरे ईवी बाजार में सबसे बड़ी डील बनकर उभरी है. वहीं अगर आपका बजट थोड़ा बड़ा है और आप प्रीमियम सेगमेंट की तरफ जाना चाहते हैं, तो Tata Harrier EV पर लॉयल्टी, एक्सचेंज और स्क्रैपेज बेनिफिट्स के तहत 2,75,000 रुपए तक के शानदार फायदे उठाए जा सकते हैं.

MG Motors भी दे रही है फ्री पब्लिक चार्जिंग और बड़ा कैश डिस्काउंट

एमजी मोटर्स भी छोटी सिटी कार से लेकर प्रीमियम एसयूवी सेगमेंट तक ग्राहकों को लुभाने में पीछे नहीं है. साल 2025 में भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार का खिताब जीतने वाली MG Windsor EV पर कंपनी इस महीने 1,50,000 रुपए तक के फायदे दे रही है, जिसमें एक्सचेंज बोनस, लॉयल्टी बोनस और कॉर्पोरेट ऑफर्स शामिल हैं. इसके साथ ही कुछ नियमों और शर्तों के साथ ग्राहकों को फ्री पब्लिक चार्जिंग की सुविधा भी मिल रही है. शहर के अंदर इस्तेमाल के लिए लोकप्रिय छोटी कार MG Comet EV पर 60,000 रुपए तक का डिस्काउंट मिल रहा है, जो कुछ राज्यों में 80,000 रुपए तक भी पहुंच जाता है. इसके अलावा कंपनी की प्रीमियम एसयूवी MG ZS EV पर 2,55,000 रुपए तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है, जिसमें सीधे 2,15,000 रुपए तक का कैश डिस्काउंट शामिल है.

Mahindra की आक्रामक डील्स, XUV 400 पर भारी बचत

महिंद्रा अपने इलेक्ट्रिक कार पोर्टफोलियो को मजबूत बनाने के लिए इस महीने बेहद आक्रामक डील्स लेकर आई है. कंपनी की Mahindra XUV 400 EV पर इस महीने 2,85,000 रुपए तक का तगड़ा फायदा मिल रहा है, जिसमें भारी कैश डिस्काउंट के साथ-साथ एक्सचेंज और स्क्रैपेज बेनिफिट शामिल हैं. वहीं महिंद्रा की BE 6 कार पर 2,000,000 रुपए तक का कैश डिस्काउंट दिया जा रहा है, हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि यह ऑफर केवल मॉडल ईयर (MY) 2025 के स्टॉक पर ही लागू है. इसके अतिरिक्त, महिंद्रा की फ्लैगशिप और नए जनरेशन प्लेटफॉर्म पर आधारित इलेक्ट्रिक एसयूवी XUV 9 पर भी ग्राहकों को 1,40,000 रुपए तक का फायदा दिया जा रहा है.

आखिर क्यों मिल रहा है इतना बड़ा डिस्काउंट?

ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स और बाजार के जानकारों के मुताबिक, कार कंपनियों द्वारा अचानक दिए जा रहे इस रिकॉर्डतोड़ डिस्काउंट के पीछे कई मुख्य वजहें हैं. कंपनियां अपने पुराने स्टॉक (जैसे मॉडल ईयर 2025 की गाड़ियां) को तेजी से क्लियर करना चाहती हैं. इसके साथ ही भारतीय बाजार के ईवी सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा बहुत तेजी से बढ़ रही है और ग्राहकों को शोरूम तक खींचने के लिए कंपनियां इस तरह के बंपर ऑफर्स का सहारा ले रही हैं.

खरीदारी से पहले इन बातों का रखें ध्यान

अगर इस महीने की सबसे बड़ी ईवी डील्स की बात करें तो डिस्काउंट के मामले में 3.35 लाख रुपए की छूट के साथ Tata Curvv EV पहले नंबर पर है, जिसके बाद Mahindra XUV 400 EV और Tata Harrier EV का नंबर आता है. हालांकि, ग्राहकों को यह बात ध्यान में रखनी चाहिए कि ये अंतिम ऑफर अलग-अलग शहरों, डीलरशिप और गाड़ियों के स्टॉक की उपलब्धता के आधार पर बदल सकते हैं. कई बड़े ऑफर्स केवल साल 2025 के स्टॉक पर ही मिल रहे हैं, इसलिए कोई भी गाड़ी फाइनल करने से पहले अपने नजदीकी शोरूम पर जाकर ऑफर की पूरी जानकारी जरूर कंफर्म कर लें.

यहां देखें वीडियो

BIZ DEAL: Airtel-Vi को तगड़ा झटका, Jio के इस छोटे प्लान ने उड़ाए होश; मिलेगा ट्रूली अनलिमिटेड 5G

    follow google news