Biz Tak Morning Mantra: शेयर बाजार में आज आएगी जोरदार आंधी या थमेगी रफ्तार? जानिए क्या कह रहे हैं गिफ्ट निफ्टी और ग्लोबल संकेत!

रजत देवगन

• 08:40 AM • 02 Nov 2026

Biz Tak Morning Mantra: अमेरिकी बाजारों में बड़ी गिरावट और मिडटर्म चुनावों की हलचल के बावजूद, रिलायंस-जियो के दमदार नतीजों और ऑटो सेक्टर की बंपर बिक्री के दम पर आज घरेलू शेयर बाजार में शानदार शुरुआत के संकेत हैं. गिफ्ट निफ्टी में करीब 167 अंकों का उछाल दर्ज किया गया है.

Share Market Today
Share Market Today
Google CTA

Biz Tak Morning Mantra: नए कारोबारी हफ्ते के पहले दिन यानी सोमवार (2 नवंबर 2026) को शेयर बाजार से मिली-जुली खबरें आ रही हैं. एक तरफ जहां अमेरिकी बाजारों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है, वहीं दूसरी तरफ देश की दिग्गज कंपनियों रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो प्लेटफॉर्म्स के शानदार तिमाही नतीजों (Q2 Results) ने घरेलू निवेशकों का जोश बढ़ा दिया है. गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) में भी करीब 167 अंकों की जोरदार तेजी दर्ज की गई है, जिससे आज बाजार के हरे निशान में खुलने के पूरे आसार हैं.

Read more!

अमेरिकी बाजारों में हाहाकार, टेक शेयरों में बड़ी बिकवाली

अमेरिका में कल होने वाले मिडटर्म चुनावों से पहले निवेशकों में सतर्कता साफ नजर आ रही है. अमेरिकी शेयर बाजारों में पिछले सत्र के दौरान जोरदार बिकवाली देखने को मिली:

  • डाउ जोंस (Dow Jones) 1.09% लुढ़ककर दो हफ्ते के निचले स्तर पर बंद हुआ.
  • एसएंडपी 500 (S&P 500) में 1.82% की गिरावट आई और यह 6 हफ्ते के निचले स्तर पर आ गया.
  • नैस्डैक (Nasdaq) सबसे ज्यादा 2.86% टूट गया, जो पिछले 3 महीनों का सबसे निचला स्तर है और 5 जून के बाद इसकी सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट है.

अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और टेक्नोलॉजी शेयरों में भारी बिकवाली रही. इंटेल (Intel) का शेयर कमजोर गाइडेंस के चलते 28.5% तक क्रैश हो गया. इसके अलावा, ब्रेंट क्रूड ऑयल 2% गिरकर 111 डॉलर प्रति बैरल के आसपास ट्रेड कर रहा है.

रिलायंस और जियो के नतीजों से बाजार को मिलेगा संबल

शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद आए दिग्गजों के नतीजों ने निवेशकों को बड़ी राहत दी है:

  • रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL): कंपनी का मुनाफा 27.3% उछलकर 29,550 करोड़ रुपये और आय 6.4% बढ़कर 3.62 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई है. एबिटा (EBITDA) में भी 15.4% की दमदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
  • जियो प्लेटफॉर्म्स: कंपनी का मुनाफा 8% बढ़कर 8,389 करोड़ रुपये रहा. जियो के कुल ग्राहक बढ़कर 54.2 करोड़ हो गए हैं और प्रति यूजर औसत कमाई (ARPU) बढ़कर 218.8 रुपये हो गई है.
  • सरकारी और अन्य कंपनियों का जलवा: एनटीपीसी, बैंक ऑफ बड़ौदा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के नतीजे भी बेहद शानदार रहे हैं. इंडियन ऑयल ने घाटे से उबरते हुए 21,630 करोड़ रुपये का बंपर मुनाफा कमाया है.
  • ऑत्योहारों के सीजन में ऑटो सेक्टर ने भरी रफ्तार

अक्टूबर महीने की ऑटो बिक्री के आंकड़े सामने आ चुके हैं, जिसमें दिग्गज कंपनियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है:

  • मारुति सुजुकी: कंपनी ने अब तक की सबसे ज्यादा कुल मासिक बिक्री (2,76,120 यूनिट्स) दर्ज की है. घरेलू पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री भी 20.5% बढ़कर 2,12,384 यूनिट रही.
  • ह्यूंदै मोटर: ने भी अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ मासिक बिक्री (82,299 यूनिट्स) हासिल की है.
  • टाटा मोटर्स: की पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री में 23% और कमर्शियल वाहनों की बिक्री में 27% की मजबूत ग्रोथ देखने को मिली है.
  • टीवीएस मोटर: ने कुल बिक्री में 29% की शानदार छलांग लगाई है, जिसमें इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की बिक्री में 120% की जबरदस्त तेजी आई है.

बाजार का आउटलुक और विदेशी निवेशकों का रुख

घरेलू मोर्चे पर विदेशी निवेशकों (FIIs) ने पिछले कारोबारी सत्र (30 अक्टूबर) में कैश मार्केट में 3,598.54 करोड़ रुपये की शानदार लिवाली की है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस हफ्ते ऑटो बिक्री के आंकड़े, अक्टूबर महीने के PMI डेटा और ग्लोबल संकेतों के आधार पर बाजार की चाल तय होगी. निफ्टी के लिए 22,850 - 22,900 का जोन मजबूत सपोर्ट का काम कर रहा है, जबकि ऊपर की तरफ 23,175 - 23,255 का दायरा अहम रेजिस्टेंस बना हुआ है.

(डिस्क्लेमर: यह जानकारी केवल आपको अपडेट रहने के उद्देश्य से दी गई है. इसमें दी गई सूचना निवेश की सलाह नहीं है. शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है. निवेश संबंधी कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें.)

ये भी पढ़ें: अमेरिकी टेक शेयरों में भारी गिरावट, क्या सोमवार को भारतीय बाजार में भी मचेगा हाहाकार? जानिए 5 बड़े ट्रिगर