मुम्बई के कोलाबा इलाके की एक मिडिल क्लास बिल्डिंग हैम्पटन कोर्ट, सिक्स्थ फ्लोर पर एक बेहद सिंपल सा 2BHK फ्लैट, जहां न कोई लग्जरी कारों का काफिला है, न ही कोई पर्सनल सेक्रेटरी और न ही हाथ में कोई स्मार्टफोन. सुनने में यह किसी आम रिटायर्ड बुजुर्ग की कहानी लग सकती है, लेकिन ये कहानी है देश के सबसे बड़े बिजनेस ग्रुप के वारिस जिमी नवल टाटा की. न जाने क्या बात थी कि जब टाटा ने देश के लिए नमक से लेकर क्या कुछ नहीं बनाया तब जिमी टाटा पूरी दौड़ से दूर रहे.
ADVERTISEMENT
अब तक गुमनाम जिंदगी जीते रहे जिमी टाटा ने 85-86 साल की उम्र में ऐसी चुप्पी तोड़ी जिसने पूरे टाटा ग्रुप में भूचाल ला दिया है. रतन टाटा के सगे छोटे भाई ने सौतेले भाई और टाटा के चीफ नोएल टाटा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक ऐसी चाल चल दी है, जिससे टाटा ग्रुप की सत्ता का पूरा खेल पलट रहा है. टाटा के पावर गेम में अचानक कूदते ही जिमी टाटा बन गए हैं चर्चित चेहरा जिनकी प्रोफाइल, कहानी जितनी इंटरेस्टिंग है उतनी मिस्टीरियस भी. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
क्यों अचानक चर्चा में आए जिमी टाटा?
रतन टाटा के जाने के बाद नोएल टाटा, टाटा के फेस बन गए लेकिन उनके खिलाफ ही सत्ता और कंट्रोल को लेकर बड़ी जंग छिड़ी हुई है. विवाद दो मुद्दों पर टिका है. पहला, टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को तीसरा कार्यकाल देने का मामला, और दूसरा, आरबीआई के निर्देशों के मुताबिक टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराने का फैसला. टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा इन दोनों का विरोध करते हुए ग्रुप में अकेले अलग-थलग पड़ते जा रहे हैं. किसी भी कॉमन माइंड के लिए ये सवाल परेशान करने वाला है कि नोएल टाटा जिस परिवार के हैं उसी ने जब टाटा ग्रुप को एंपायर खड़ा किया लेकिन आज उसकी कोई सुनने को तैयार नहीं हैं.
नया हंगामा ये मचा कि घमासान के बीच दशकों से खामोश बैठे जिमी टाटा ने टाटा ट्रस्ट्स के पूर्व वाइस चेयरमैन विजय सिंह को भेजे लिखित नोट से सनसनी मचा दी है. उन्होंने सौतेले भाई नोएल टाटा पर बैक-डोर टेकओवर यानी पिछले दरवाजे से टाटा संस पर कब्जा करने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है. जिमी ने खुलकर एन. चंद्रशेखरन की साइड लेकर पूरा गेम बदल दिया है. उनका कहना है कि चंद्रशेखरन ने घाटे में डूबी कंपनियों को उबारकर रिकॉर्ड मुनाफा और बंपर डिविडेंड दिया है. जिमी ने आरबीआई और सरकार से मांग की है कि पारदर्शिता लाने और गोपनीयता की कल्चर को खत्म करने के लिए टाटा संस की पब्लिक लिस्टिंग हर हाल में कराई जाए. मतलब हर वो चीज हो जाए जिसका नोएल टाटा विरोध कर रहे हैं.
कौन हैं जिमी टाटा?
जिमी टाटा का पूरा नाम है जिमी नवल टाटा. नवल उनके और रतन के पिता का नाम था. जिमी रतन टाटा के सगे छोटे भाई हैं. दोनों में उम्र का फासला करीब 3 साल का ही है. नवल टाटा और पारसी परिवार की सूनी कमिसारिएट की शादी 1936 में हुई थी, और रतन टाटा का जन्म दिसंबर 1937 में हुआ था. जिमी टाटा का जन्म 1940 में हुआ था.
नोएल टाटा रतन और जिमी के सौतेले भाई इसलिए हुए कि दोनों के पिता तो नवल टाटा थे लेकिन मांएं अलग रहीं. सूनी कमिसारिएट रतन और जिमी की मां थीं. नोएल की मां सिमोन टाटा का निधन 2025 में रतन टाटा के निधन के बाद हुआ. स्विट्जरलैंड बॉर्न सिमोन टाटा को भारत में कॉस्मेटिक ब्रांड लैक्मे को घर-घर तक पहुंचाने के लिए जाना जाता है.
नवल टाटा की शादी, अलगाव और फिर प्यार की कहानी
रतन, जिमी और नोएल टाटा के पिता नवल टाटा की पहली शादी 1930 के दशक में पारसी परिवार की सूनी कमिसारिएट से हुई थी, जिनसे उनके दो बेटे- रतन टाटा और जिमी टाटा हुए. आपसी मतभेदों और पारिवारिक कलह के कारण शादी ज्यादा समय तक टिकी नहीं. साल 1948 में जब रतन 10 साल के थे और जिमी उससे भी छोटे, तब उनके माता-पिता नवल और सूनी का तलाक हो गया. माता-पिता के अलग होने के बाद दोनों भाइयों की परवरिश उनकी दादी लेडी नवजबाई टाटा ने की. दोनों भाइयों की शुरुआती पढ़ाई मुंबई के कैंपियन स्कूल और कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल में हुई.
सूनी से अलग होने के बाद नवल अकेले रहे. दूसरी शादी की सोच भी नहीं. अचानक जिंदगी ने नई शुरूआत का मौका दिया. 1953 में स्विट्जरलैंड की एक लड़की सिमोन डुनोयर भारत घूमने आईं थी. किसी कार्यक्रम में उनकी मुलाकात नवल टाटा से हुई. तलाक के बाद अकेले जीवन बिता रहे नवल टाटा को सिमोन भा गई. सिमोन की किस्मत वापस स्विट्जरलैंड नहीं ले जा पाई. दो साल की दोस्ती या डेटिंग के बाद 1955 में दोनों ने शादी कर ली, जिनसे उनके बेटे नोएल टाटा का जन्म हुआ.
नवल टाटा की मौत और जिमी टाटा की एंट्री
नवल टाटा 1930 में टाटा संस में साधारण डिस्पैच क्लर्क-कम-असिस्टेंट सेक्रेटरी हुआ करते थे लेकिन आगे चलकर टाटा संस के डिप्टी चेयरमैन बनकर ग्रुप के एक्सपेंशन में बहुत कुछ किया. जेआरडी टाटा के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक रहे नवल टाटा ने 1965 से अपने अंतिम समय तक सर रतन टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन के रूप में भी काम किया. लंबे समय तक कैंसर से जूझने के बाद 1989 में 84 साल की उम्र में उनका निधन हो गया.
पिता नवल टाटा के जाने के बाद उनके बेटे जिमी टाटा को सर रतन टाटा ट्रस्ट का ट्रस्टी बनाया गया. उसी दौर में रतन टाटा ने टाटा में लीडरशिप रोल संभाला लेकिन जिमी दूर रहे. चाहते तो रतन टाटा के अंडर में या पैरेलल किसी कंपनी के चेयरमैन, एमडी, सीईओ या जो चाहते बन सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया. एक चर्चा रही कि टाटा संस को चलाने के तरीकों को लेकर रतन और जिमी के मतभेद रहे. न जाने क्यों वो टाटा की ग्रोथ जर्नी में अपनी ग्रोथ की रेस में शामिल नहीं हुए. बस एक काम किया. भले ही कभी कोई कंपनी नहीं चलाई, लेकिन 1989 में अपने पिता नवल टाटा के निधन के बाद से सर रतन टाटा ट्रस्ट के आजीवन ट्रस्टी हैं. चूंकि टाटा ट्रस्ट्स के पास ही टाटा संस की 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है, इसलिए ट्रस्टी के तौर पर जिमी की राय बेहद मायने रखती है. आज उन्होंने राय देकर बम फोड़ दिया है.
90s से ही जिमी जीने लगे रिटायरमेंट लाइफ!
जिमी बिजनेस, पैसों से दूर रहे. 2BHK में रहते हुए मोबाइल, ईमेल से दूर बिना किसी शोर-शराबे के एकांत पसंद किया. और आज तक वैसे ही हैं जैसे 20-30-40 साल पहले हुआ करते थे. शुरु-शुरू में उन्होंने अपने पिता नवल टाटा के साथ ग्रुप की टेक्सटाइल मिलों में कुछ समय काम जरूर किया था, लेकिन 90s में वो भी सब भी छोड़कर रिटायरमेंट लाइफ जीने लगे.
टाटा परिवार के इन दोनों सगे भाइयों रतन टाटा और जिमी टाटा ने आजीवन शादी नहीं की, लेकिन दोनों की कहानी बिल्कुल अलग है. रतन टाटा ने खुद स्वीकार किया था कि उनकी जिंदगी में चार बार प्यार ने दस्तक दी और वो शादी के बेहद करीब भी पहुंचे. सबसे चर्चित अफेयर एक्ट्रेस सिमी ग्रेवाल वाला रहा. जिमी टाटा ने अपनी लव लाइफ या शादी न करने की वजह को लेकर कभी कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया.
कितनी है जिमी टाटा की नेटवर्थ?
हालांकि सादगी से रहने वाले जिमी टाटा असल में एक बेहद अमीर शख्स हैं. उनके पास टाटा संस में करीब 0.81 प्रतिशत यानी 3,262 शेयर्स की हिस्सेदारी है. रतन टाटा के निधन के बाद उनकी वसीयत के बंटवारे से पहले तक जिमी टाटा ही टाटा संस के सबसे बड़े जीवित व्यक्तिगत शेयरधारक हैं. टीसीएस, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, टाटा पावर और इंडियन होटल्स जैसी दिग्गज कंपनियों में भी उनके पास बड़ा हिस्सा है. मीडिया की अलग-अलग रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कुल नेटवर्थ करीब 9500 करोड़ रुपये हो सकती है. केवल टाटा संस के डिविडेंड से ही उन्हें सालाना 36 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई होती है.
क्यों अचानक बोल पड़े जिमी?
टाटा को लेकर हमेशा चुप रहने वाले जिमी टाटा अब जब बोले, तो सीधे नोएल टाटा के खिलाफ बोले. जब नोएल टाटा के बच्चों नेविल, लिआ और माया टाटा को अलग-अलग बोर्ड में शामिल किया गया और रतन टाटा के करीबी रहे सीनियर ट्रस्टीज जैसे वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह को किनारे लगाने की कोशिश हुई, तो शायद इसी सब से जिमी का सब्र टूट गया. जिमी की नजर में टाटा ट्रस्ट्स आम जनता की भलाई के लिए बनाए गए हैं, न कि किसी एक परिवार के निजी नियंत्रण के लिए. पुरखों की इसी विरासत और पारदर्शिता को बचाने के लिए 85 साल की उम्र में जिमी टाटा को आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़कर मैदान में उतरना पड़ा है.
रतन टाटा के जमाने में जिमी साइड में रहे, लेकिन नोएल टाटा हमेशा फ्रंट पर रहे. ट्रेंट जैसा बड़ा ब्रांड खड़ा करने का क्रेडिट उन्हीं को दिया जाता है. इसीलिए जब रतन टाटा के वारिस को चुनने की बात आई, तो नोएल स्वाभाविक दावेदार बने. हालांकि कभी ये सामने नहीं आया कि जिमी के साथ उनके रिश्ते कैसे रहे. अब जब नोएल ग्रुप में इतना दबाव झेल रहे हैं, तब सौतेले ही सही, जिमी ने विरोध की चिंगारी को हवा दे दी है. न जाने किस बात का बदला, न जाने किस जन्म का बदला, पब्लिक डोमेन में किसी को भनक नहीं कि जिमी और नोएल के बीच कभी कोई विवाद रहा हो, जिसका बदला अब निकला है. या फिर हो सकता है कि बात किसी बदले की हो ही न, बल्कि सिर्फ परिवार की विरासत को बचाने और टाटा ग्रुप को एक परिवार की निजी जागीर बनने से रोकने के लिए जिमी टाटा ने अपनी दशकों पुरानी चुप्पी तोड़ी हो.
टाटा संस की लिस्टिंग पर RBI का सख्त रुख, नोएल टाटा का प्लान फंसा, 26 नवंबर की बैठक में क्या होगा?
ADVERTISEMENT

