Share Bazaar : शेयर बाजार में मचा हाहाकार, सेंसेक्स 711 अंक टूटा, निफ्टी 24,000 के नीचे

तनीषा त्यागी

02 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 2 2026 10:37 AM)

शेयर बाजार में तेज गिरावट से सेंसेक्स 711 अंक टूटा और निफ्टी 24,000 के नीचे आया. जानें तेल कीमत, अमेरिका ईरान तनाव, बॉन्ड यील्ड और एशियाई बाजार की कमजोरी का असर.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

अमेरिका ईरान तनाव, तेल महंगा और बॉन्ड यील्ड बढ़ने से दबाव बढ़ा

एशियाई बाजार भी फिसले, जिससे घरेलू निवेशकों का भरोसा और कमजोर हुआ

शुरुआती कारोबार में 1,555 शेयर गिरे, जबकि सिर्फ 803 शेयर चढ़े

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में आज कारोबार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और बॉन्ड यील्ड बढ़ने से निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर नजर आया. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 600 अंक की गिरावट के साथ खुला, लेकिन बाजार खुलने के कुछ ही समय बाद बिकवाली और तेज हो गई. सुबह 9:30 बजे तक सेंसेक्स 711 अंक यानी 0.91 फीसदी की गिरावट के साथ 76,232 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं निफ्टी 50 भी 234.90 अंक यानी 0.98 फीसदी टूटकर 23,820.90 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया. इससे साफ है कि बाजार में शुरुआत से ही बिकवाली का दबाव बना हुआ है.

Read more!

बाजार पर क्यों बढ़ा दबाव

भारतीय शेयर बाजार पर इस समय कई ग्लोबल संकेतों का दबाव दिखाई दे रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है. इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में फिर से तेजी देखने को मिली है और तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भारतीय बाजार के लिए अहम संकेत है, क्योंकि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है. ऐसे में तेल महंगा होने से देश के आयात बिल और कंपनियों की लागत पर दबाव बढ़ सकता है. इसी वजह से क्रूड की चाल पर बाजार की नजर बनी हुई है. इसके अलावा बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी भी इक्विटी मार्केट के लिए सेंटीमेंट को प्रभावित कर रही है. इन सभी संकेतों के बीच निवेशकों ने बाजार में सतर्क रुख अपनाया और शुरुआती कारोबार में जमकर बिकवाली देखने को मिली.

एशियाई बाजारों में भी भारी गिरावट

भारतीय बाजार को कमजोर ग्लोबल संकेतों का असर देखने को मिला. कारोबार शुरू होने से पहले ही गिफ्ट निफ्टी से बाजार में कमजोरी के संकेत मिल रहे थे. सुबह गिफ्ट निफ्टी करीब 62 अंक गिरकर 24,028 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. एशियाई बाजारों की स्थिति भी निवेशकों के लिए राहत देने वाली नहीं रही. कोस्पी में करीब 3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निक्केई करीब 2.91 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा था. इसके अलावा ताइवान इंडेक्स 0.91 फीसदी, शंघाई 0.75 फीसदी और हैंग सेंग 0.65 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. यानी भारतीय बाजार की शुरुआत पर घरेलू संकेतों के साथ-साथ एशियाई बाजारों की कमजोरी का भी असर दिखाई दिया.

1,500 से ज्यादा शेयरों में गिरावट

शुरुआती कारोबार में बाजार में बिकवाली का दायरा काफी व्यापक रहा. करीब 9:30 बजे तक 1,555 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे, जबकि 803 शेयरों में तेजी देखने को मिली. इससे संकेत मिलता है कि दबाव सिर्फ कुछ चुनिंदा शेयरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बाजार के बड़े हिस्से में बिकवाली देखने को मिली.

Eicher Motors, Infosys और Shriram Finance में बड़ी गिरावट

निफ्टी 50 के शुरुआती कारोबार में कई बड़े शेयर दबाव में नजर आए. Eicher Motors शुरुआती कारोबार का सबसे बड़ा लूजर रहा. कंपनी के शेयर में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और यह 7,724.50 रुपये के स्तर पर कारोबार करता दिखा. इसके बाद Infosys के शेयर में करीब 2.60 फीसदी की गिरावट आई. गिरावट के बाद शेयर 1,126 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था. Shriram Finance के शेयर में भी 2.56 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली और यह 1,032 रुपये तक पहुंच गया. इसके अलावा InterGlobe Aviation का शेयर करीब 2.28 फीसदी और IT दिग्गज TCS का शेयर करीब 2.27 फीसदी टूट गया. इससे साफ है कि ऑटो, IT, फाइनेंस और एविएशन से जुड़े कई बड़े नाम शुरुआती कारोबार में बिकवाली की चपेट में रहे.

गिरते बाजार में इन शेयरों में दिखी तेजी

जहां एक तरफ निफ्टी 50 के ज्यादातर बड़े शेयरों में गिरावट रही, वहीं कुछ शेयरों ने बाजार के खिलाफ प्रदर्शन किया. Coal India शुरुआती कारोबार में निफ्टी 50 का सबसे बड़ा गेनर रहा. कंपनी के शेयर में 3.69 फीसदी की तेजी आई और यह 416.40 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. Sun Pharma में भी खरीदारी देखने को मिली. कंपनी का शेयर करीब 0.84 फीसदी की बढ़त के साथ 1,945.30 रुपये पर कारोबार करता नजर आया. सरकारी कंपनी ONGC के शेयर में भी मामूली तेजी देखने को मिली और यह करीब 236.70 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था.

आगे बाजार की नजर किन संकेतों पर रहेगी

आज के कारोबार में निवेशकों की नजर सबसे ज्यादा कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिका-ईरान तनाव से जुड़े घटनाक्रम पर रहेगी. इसके अलावा ग्लोबल मार्केट की दिशा और बॉन्ड यील्ड में होने वाला बदलाव भी बाजार के सेंटीमेंट के लिए महत्वपूर्ण रहेगा. शुरुआती गिरावट के बाद बाजार किस दिशा में जाता है, यह भी देखने वाली बात होगी. फिलहाल शुरुआती आंकड़ों से बाजार में बिकवाली का दबाव साफ दिखाई दे रहा है. सेंसेक्स में 700 अंक से ज्यादा की गिरावट और निफ्टी के 24,000 के नीचे कारोबार करने से निवेशकों की चिंता बढ़ी है. हालांकि बाजार की आगे की दिशा तय करने में ग्लोबल संकेतों के साथ-साथ तेल की कीमत और जियो-पॉलिटिकल स्थिति की भूमिका अहम रहने वाली है.

Stocks in News: आज इन शेयरों में दिखेगा बड़ा एक्शन, Gland Pharma से Coal India तक कई बड़ी खबरें