1 नवंबर से फोन में होगा बड़ा बदलाव! अब दिखेगा अनजान कॉल करने वाले का नाम!

न्यूज तक डेस्क

• 01:03 PM • 15 Oct 2026

1 नवंबर 2026 से 4G और उससे नई तकनीक वाले नेटवर्क पर CNAP सेवा शुरू करने का निर्देश दिया गया है. इस फीचर की मदद से अनजान नंबर से कॉल आने पर फोन की स्क्रीन पर कॉल करने वाले का नाम दिखाई दे सकता है. इसका उद्देश्य कॉलर की पहचान आसान करना और स्पैम कॉल पर लगाम लगाना है.

NewsTak
Google CTA

मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आने पर अक्सर लोग सोचते हैं कि फोन कौन कर रहा है. कई लोग नंबर पहचानने के लिए Truecaller जैसे ऐप का इस्तेमाल करते हैं. अब इस परेशानी को कम करने के लिए Calling Name Presentation (CNAP) फीचर पर काम किया जा रहा है. इस फीचर की मदद से अनजान नंबर से कॉल आने पर भी फोन की स्क्रीन पर कॉल करने वाले का नाम दिखाई दे सकता है.

Read more!

भारत में पिछले कुछ महीनों से इस फीचर की टेस्टिंग की जा रही है. कई यूजर्स को अनजान नंबर से कॉल आने पर स्क्रीन पर नाम दिखाई भी दिया है. हालांकि, 1 नवंबर से यह नियम सभी मोबाइल यूजर्स के लिए लागू होगा या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जरूरी है.

कैसे काम करेगा नया फीचर?

इस फीचर को आसान भाषा में समझें तो जब कोई व्यक्ति आपको फोन करेगा, तो आपके मोबाइल की स्क्रीन पर उसके नंबर के साथ नाम भी दिखाई दे सकता है. यह नाम उस व्यक्ति का होगा, जिसके नाम पर सिम कार्ड रजिस्टर्ड है.

खास बात यह है कि इसके लिए यूजर्स को फोन की सेटिंग्स में जाकर कोई बदलाव नहीं करना होगा. यह सुविधा डिफॉल्ट रूप से चालू रखने की बात कही गई है.

सिम किसी के नाम पर और फोन कोई दूसरा चलाता है तो?

इसे एक उदाहरण से समझिए. मान लीजिए कि केतन ने अपने नाम पर सिम कार्ड खरीदा है. लेकिन उस सिम का इस्तेमाल उनकी मंजू करती हैं.

अब अगर मंजू किसी ऐसे व्यक्ति को फोन करती हैं, जिसने उनका नंबर अपने मोबाइल में सेव नहीं किया है, तो सामने वाले की स्क्रीन पर जानकी की जगह केतन का नाम दिखाई दे सकता है.

ऐसा इसलिए होगा क्योंकि सिम कार्ड केतन के नाम पर रजिस्टर्ड है. यानी स्क्रीन पर दिखने वाला नाम सिम के मालिक का होगा, जरूरी नहीं कि फोन इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति का ही हो.

साइबर ठगी रोकने में कैसे मिलेगी मदद?

आजकल साइबर ठग अनजान नंबरों से लोगों को फोन करके ठगी करने की कोशिश करते हैं. कई बार लोग कॉल करने वाले की पहचान नहीं कर पाते और उनकी बातों में आ जाते हैं.

ऐसे में अगर फोन की स्क्रीन पर कॉल करने वाले का नाम दिखाई देगा, तो लोगों को अनजान कॉल पहचानने में मदद मिल सकती है. इससे वे कॉल उठाने से पहले ज्यादा सतर्क रह सकेंगे.

मोबाइल पर स्पैम कॉल का अलर्ट देने की सुविधा भी पहले से मौजूद है. जब किसी नंबर को स्पैम के रूप में पहचाना जाता है, तो फोन पर स्पैम कॉल का अलर्ट दिखाई दे सकता है.

क्या अब Truecaller की जरूरत नहीं पड़ेगी?

अभी कई लोग अनजान नंबर से कॉल आने पर कॉल करने वाले का नाम जानने के लिए Truecaller का इस्तेमाल करते हैं. CNAP फीचर शुरू होने के बाद फोन की स्क्रीन पर ही नाम दिखाई देने की सुविधा मिल सकती है.

हालांकि, नाम दिखाई देने का मतलब यह नहीं है कि कॉल पूरी तरह सुरक्षित है. इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति को फोन पर बैंक खाते की जानकारी, OTP या दूसरी निजी जानकारी नहीं देनी चाहिए.

IDBI Bank में 60.72% हिस्सेदारी बेचेगी सरकार, Fairfax के साथ ₹52,878 करोड़ की डील को कैबिनेट की मंजूरी