Passport Rule 2026: विदेश जाने वालों के लिए जरूरी खबर, पासपोर्ट के नियम और फीस बदली

न्यूज तक डेस्क

• 10:51 AM • 18 Sep 2026

पासपोर्ट नियम 2026 में बदलाव किया गया है. 15 साल से कम उम्र के बच्चों के 36 पेज वाले पासपोर्ट की वैलिडिटी 5 साल या 18 साल की उम्र तक रहेगी. सामान्य, तत्काल, रीइश्यू और रिप्लेसमेंट सेवाओं की फीस बढ़ी है. बच्चों, बुजुर्गों के लिए कुछ मामलों में 10 फीसदी छूट जारी रहेगी.

NewsTak
Google CTA

Passport Rules 2026: विदेश जाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए पासपोर्ट से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है. विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट नियमों में बदलाव किया है. नए नियमों में खास तौर पर नाबालिगों के पासपोर्ट की वैलिडिटी को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई है. इसके साथ ही पासपोर्ट की कई सेवाओं की फीस भी बढ़ाई गई है. Passport Seva की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक नई फीस 1 जुलाई 2026 से लागू है.

Read more!

बच्चों के पासपोर्ट की वैलिडिटी अब ऐसे तय होगी

नए नियम के तहत 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए 36 पेज का सामान्य पासपोर्ट जारी किया जाएगा. इसकी वैलिडिटी 5 साल तक रहेगी. हालांकि, अगर बच्चा 5 साल पूरे होने से पहले 18 साल का हो जाता है, तो पासपोर्ट उसी समय वैध नहीं रहेगा.

यानी बच्चे के पासपोर्ट की वैलिडिटी दो शर्तों में से जो पहले पूरी होगी, उस आधार पर तय होगी. यह अवधि पासपोर्ट जारी होने की तारीख से 5 साल या बच्चे के 18 साल की उम्र तक होगी.

सामान्य पासपोर्ट के लिए अब ज्यादा पैसे देने होंगे

पासपोर्ट की सामान्य सेवाओं की फीस में भी बदलाव किया गया है. वयस्कों के लिए 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस अब 2,500 रुपये है. पहले यह 1,500 रुपये थी. वहीं 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए अब 3,500 रुपये देने होंगे. इसकी पुरानी फीस 2,000 रुपये थी.

तत्काल पासपोर्ट की फीस भी बढ़ी

अगर आपको पासपोर्ट जल्दी चाहिए और आप तत्काल सेवा के लिए पात्र हैं, तो इसके लिए भी ज्यादा शुल्क देना होगा.

36 पेज के तत्काल पासपोर्ट की फीस अब 5,000 रुपये हो गई है. पहले यह 3,500 रुपये थी. 60 पेज वाले तत्काल पासपोर्ट के लिए अब 6,000 रुपये देने होंगे. पहले इसकी फीस 4,000 रुपये थी.

60 पेज का पासपोर्ट खो जाने या खराब हो जाने पर तत्काल आधार पर नया पासपोर्ट बनवाने की फीस भी बढ़ाई गई है. अब इसके लिए 8,500 रुपये देने होंगे. पहले यह शुल्क 5,500 रुपये था.

नाबालिगों के पासपोर्ट की फीस भी बढ़ी

बच्चों के 36 पेज वाले नए या दोबारा जारी किए जाने वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस अब 1,750 रुपये है. पहले इसके लिए 1,000 रुपये देने पड़ते थे.

अगर बच्चे के लिए तत्काल सेवा ली जाती है, तो 36 पेज के पासपोर्ट के लिए 3,000 रुपये शुल्क देना होगा.

इन लोगों को 10 फीसदी की छूट

नए पासपोर्ट आवेदन में 8 साल से कम उम्र के बच्चों और 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए 10 फीसदी की छूट जारी रहेगी. हालांकि, यह छूट पासपोर्ट के रीइश्यू यानी दोबारा जारी कराने के मामलों में लागू नहीं होगी.

किन सेवाओं की फीस बदली?

नई फीस व्यवस्था में केवल नया पासपोर्ट ही शामिल नहीं है. पासपोर्ट रिन्यूअल या रीइश्यू, तत्काल सेवा, पासपोर्ट खोने या खराब होने के बाद रिप्लेसमेंट और पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट यानी PCC जैसी सेवाओं की फीस भी संशोधित की गई है.

पासपोर्ट नियमों के तहत अलग-अलग सेवाओं की फीस अब संशोधित फीस सूची के आधार पर तय होगी. पासपोर्ट के लिए आवेदन करने से पहले आधिकारिक Passport Seva पोर्टल पर मौजूदा शुल्क और अपनी सेवा की पात्रता जरूर जांचनी चाहिए.
 

ऑनलाइन शॉपिंग में 70% डिस्काउंट का खेल होगा खत्म! 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे ई-कॉमर्स के नए कड़े नियम