घरेलू शेयर बाजार के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने जा रहा है. कल यानी बुधवार को बाजार में आई भारी गिरावट के बाद आज वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं. हालांकि, गिफ्ट निफ्टी (GIFT Nifty) में 73 अंकों का उछाल देखा जा रहा है, जो भारतीय बाजार के लिए शुरुआती राहत की ओर इशारा कर रहा है, लेकिन निवेशकों को आज फूंक-फूंक कर कदम रखना होगा, क्योंकि अमेरिकी बाजार से लेकर खाड़ी देशों के तनाव तक, कई ट्रिगर्स बाजार की दिशा तय करेंगे.
ADVERTISEMENT
आइए शेयर बाजार एक्सपर्ट रजत देवगन के इस आउटलुक के जरिए समझते हैं कि आज बाजार खुलने से पहले आपको किन बड़ी बातों का ध्यान रखना चाहिए और आज की ट्रेडिंग रणनीति क्या होनी चाहिए.
1. डोनाल्ड ट्रम्प के बदले सुर: क्या कम होगा ग्लोबल तनाव?
बाजार के लिए इस समय सबसे बड़ा ट्रिगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बयानबाजी बनी हुई है. कल ट्रम्प के आक्रामक रुख के कारण बाजार में हड़कंप मच गया था और एक ही झटके में बीएसई (BSE) लिस्टेड कंपनियों का करीब ₹9 लाख करोड़ का मार्केट कैप साफ हो गया था.
हालांकि, आज ट्रम्प के सुर थोड़े नरम दिखाई दिए हैं. उन्होंने नया बयान देते हुए कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि जंग दोबारा शुरू होगी. ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान की तरफ से डील करने के लिए उनके पास फोन आया था. दूसरी तरफ, ईरान ने भी पलटवार करते हुए कहा है कि अभद्र भाषा से उनकी महानता कम नहीं होगी और वे किसी भी कार्रवाई का निडरता से जवाब देंगे. भले ही ट्रम्प के तेवर आज थोड़े ढीले पड़े हों, लेकिन ग्लोबल टेंशन अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.
2. US Fed मिनट्स: ब्याज दरों पर अधिकारियों में मतभेद बरकरार
अमेरिकी सेंट्रल बैंक (Fed) की जून बैठक के मिनट्स जारी हो चुके हैं. इन मिनट्स से साफ है कि फेड अधिकारियों के बीच ब्याज दरों में कटौती को लेकर अभी भी गहरे मतभेद हैं. कुछ अधिकारी जल्द कटौती के पक्ष में हैं, तो कुछ महंगाई के जोखिम को देखते हुए सतर्क हैं.
सबसे बड़ी बात यह है कि फेड ने अपने पॉलिसी स्टेटमेंट से सभी 'फॉरवर्ड गाइडेंस' को हटा दिया है. अब आगे के फैसले पूरी तरह से आने वाले आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेंगे. भविष्य की ब्याज दरों को लेकर फेड ने कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है, जिससे अनिश्चितता बनी हुई है.
3. ग्लोबल मार्केट्स और कमोडिटी का हाल
एशियाई बाजार: एशियाई बाजारों से आज बेहतर संकेत हैं. जापानी बाजार 'Nikkei' में 2% और दक्षिण कोरिया के 'Kospi' में 1.3% की मजबूती देखी जा रही है.
अमेरिकी बाजार: कल अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला रुख था. Dow Jones 1.09% और S&P 500 0.28% गिरकर बंद हुए, जबकि Nasdaq में 0.20% की हल्की बढ़त रही. अमेरिका में 10 साल की बॉन्ड यील्ड बढ़कर 4.57% पर पहुंच गई है.
क्रूड ऑयल और सोना: अमेरिकी-ईरान तनाव के चलते कल ब्रेंट क्रूड ऑयल 5.2% उछला था. आज भी इसमें 0.9% की तेजी है और यह $78.7 प्रति बैरल के पार ट्रेड कर रहा है. वहीं, कॉमैक्स (COMEX) पर सोना ($4075/औंस) और चांदी ($58.2/औंस) सीमित दायरे में कारोबार कर रहे हैं.
4. FIIs की भारी बिकवाली और संस्थागत गतिविधि
भले ही कल कैश मार्केट में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने ₹1,962.80 करोड़ और घरेलू निवेशकों (DIIs) ने ₹790.16 करोड़ की खरीदारी की हो, लेकिन डेरिवेटिव्स मार्केट की तस्वीर डराने वाली है. FIIs ने इंडेक्स और स्टॉक फ्यूचर्स को मिलाकर कुल ₹6,381 करोड़ की भारी बिकवाली की है. अकेले इंडेक्स फ्यूचर्स में ₹4,806.78 करोड़ की बिकवाली हुई है, जो बाजार पर ऊपरी दबाव को दर्शाती है.
5. रिजल्ट सीजन की शुरुआत: आज TCS के नतीजों पर नजर
आज से कॉर्पोरेट नतीजों के सीजन की शुरुआत हो रही है. बाजार बंद होने के बाद आज देश की दिग्गज आईटी कंपनी TCS के Q1 के नतीजे आएंगे. इसके अलावा GM Breweries और Anand Rathi Wealth के परिणाम भी आज घोषित होंगे. नतीजों के चलते अब बाजार में दोतरफा चाल देखने को मिल सकती है.
आज के लिए प्रमुख स्टॉक्स जिनपर रहेगी नजर (Stocks in News)
- Coal India / BHEL: सरकार ने ₹37,500 करोड़ की कोल गैसिफिकेशन योजना के तहत आवेदन मांगे हैं.
- SBI: एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का आईपीओ (IPO) 14-16 जुलाई को खुलेगा.
- Phoenix Mills: पहली तिमाही में रिटेल कंजम्प्शन 32% बढ़कर ₹4,727 करोड़ रहा है.
- NALCO / NLC India: ओडिशा में 1,080 मेगावाट के पावर प्लांट के लिए 50:50 का जॉइंट वेंचर किया है.
- Tata Steel: पहली तिमाही में भारत में स्टील प्रोडक्शन 11% और डिलीवरी 9% बढ़ी है.
6. तकनीकी स्तर (Technical View): निफ्टी के सपोर्ट और रेजिस्टेंस
कल निफ्टी पर 24,000 के नीचे जाते ही सेंटिमेंट काफी बिगड़ गया था और जुलाई की पूरी तेजी एक झटके में खत्म हो गई थी. आज के लिए तकनीकी स्तर इस प्रकार हैं-
बड़ा सपोर्ट ज़ोन: निफ्टी के लिए 23,750 - 23,800 का स्तर बेहद मजबूत और महत्वपूर्ण सपोर्ट का काम करेगा.
तगड़ा रेजिस्टेंस: ऊपर की तरफ 24,050 - 24,150 के स्तर पर भारी अड़चन (रेजिस्टेंस) देखने को मिलेगी.
ट्रेडिंग के लिए सलाह
बाजार जब तक इन ऊपरी रेजिस्टेंस स्तरों के नीचे है, तब तक कमजोरी का रुख बना रहेगा. किसी भी उछाल पर ट्रेडर्स अपनी पोजीशन से एग्जिट (मुनाफा वसूली) करने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए बड़ी पोजीशन बनाने से फिलहाल बचें. आज अमेरिकी जॉबलेस क्लेम के आंकड़े और पेप्सिको (PepsiCo) के नतीजे भी अमेरिकी बाजार की चाल तय करेंगे.
ADVERTISEMENT

