रिचार्ज के साथ नेट पैक लेने की नहीं होगी मजबूरी, कॉलिंग वालों के लिए भी सेपरेट प्लान, TRAI टेलिकॉम कंपनी का ये नया नियम जान लीजिए

न्यूज तक डेस्क

22 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 22 2026 4:27 PM)

TRAI के नए नियम से अब बिना डेटा वाले सस्ते Voice और SMS रिचार्ज प्लान उपलब्ध होंगे, जिससे फीचर फोन यूजर्स और कम बजट वाले ग्राहकों के पैसों की सीधी बचत होगी.

Trai
Trai
Google CTA

अगर आप अपने मोबाइल में सिर्फ कॉल करने या SMS भेजने के लिए रिचार्ज कराते हैं और डेटा यानी इन्टरनेट का इस्तेमाल नहीं करते तो आपके लिए अच्छी खबर है. टेलीकॉम रेगुलेटर TRAI (भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण) ने टेलीकॉम कंपनियों (Jio, Airtel, Vi, BSNL) के लिए एक नया नियम जारी किया है. TRAI ने 'टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (13वां संशोधन) रेगुलेशन, 2026' लागू कर दिया है. इसके तहत अब सभी टेलीकॉम कंपनियों को 'Voice & SMS Only' स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) देने ही होंगे.

Read more!

इस फैसले की मुख्य बातें

  • कम दिनों वाले सस्ते प्लान: 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले ऐसे प्लान देना अनिवार्य होगा, जिनमें सिर्फ कॉलिंग और SMS की सुविधा हो .
  • हर महीने एक ही तारीख को रिचार्ज: कंपनियों को एक ऐसा विकल्प भी देना होगा, जिससे ग्राहक हर महीने एक तय तारीख को ही अपना प्लान रिन्यू कर सकें .
  • लंबी वैलिडिटी का भी विकल्प: 30 दिन से ज्यादा की वैलिडिटी वाला कम से कम एक ऐसा प्लान भी लिस्ट में रखना होगा, जिसमें कोई डेटा शामिल न हो .
  • सस्ते होंगे रिचार्ज: TRAI ने निर्देश दिया है कि इन 'Voice & SMS Only' प्लान्स के दाम में सही और वाजिब कटौती की जाए, ताकि ग्राहकों पर बेवजह का बोझ न पड़े .

किसे और क्यों होगा बड़ा फायदा?

TRAI का ये फैसला मुख्य रूप से देश के करोड़ों ऐसे ग्राहकों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा जो स्मार्टफोन की जगह बेसिक फीचर फोन का इस्तेमाल करते हैं या जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की बिल्कुल जरूरत नहीं होती, जैसे कि घर के बुजुर्ग, ग्रामीण क्षेत्रों के लोग और कम आय वर्ग वाले ग्राहक . अब तक टेलीकॉम कंपनियां अक्सर कॉलिंग प्लान्स के साथ डेटा का पैक भी जोड़ देती थीं, जिससे रिचार्ज का खर्च बेवजह बढ़ जाता था . नए नियमों के आने से इन यूजर्स को बिना इस्तेमाल वाले डेटा के पैसे नहीं चुकाने पड़ेंगे और वे सिर्फ कॉलिंग व SMS की सुविधा वाले प्लान चुनकर हर महीने अपने बजट में सीधी बचत कर सकेंगे .

TRAI का क्या कहना है?

विनियामक के अनुसार, कंपनियों के पास अभी तक छोटी वैलिडिटी वाले सिर्फ-कॉलिंग प्लान बहुत कम थे . इस नए नियम का ड्राफ्ट तैयार करते वक्त TRAI को जनता और इंडस्ट्री से कुल 1,132 सुझाव और प्रतिक्रियाएं मिली थीं, जिसके बाद यह जनहित में फैसला लिया गया है.

ये भी पढ़ें: Tata Sons-Tata Trusts विवाद पर Jamie Dimon की बड़ी टिप्पणी, Chandrasekaran के समर्थन में क्या बोले JPMorgan CEO? पूरी डिटेल