घरेलू कलह और शराब के नशे में एक पति इस कदर हैवान बन गया कि उसने जरा सी बात पर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. मामला बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र का है, जहां मुर्गा (चिकन) बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
हड़िया शराब पीने के बाद शुरू हुोआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के जोकापाठ (लालदरा) निवासी 28 वर्षीय रमेश कोरवा अपनी पत्नी दुखनी बाई के साथ रहता था. घटना के एक दिन पहले दोनों ने घर पर ही हड़िया (स्थानीय शराब) बनाकर पी थी. शाम को लगभग 4 से 5 बजे के बीच रमेश ने पत्नी से मुर्गा बनाने को कहा. जब पत्नी ने मना किया, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
गुस्से में आकर डंडे से ताबड़तोड़ वार
विवाद इतना बढ़ा कि रमेश ने आपा खो दिया और घर में रखे सरई की लकड़ी के डंडे से दुखनी बाई पर हमला कर दिया. आरोपी ने उसके सिर और पेट पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी पति डरकर मौके से भाग निकला.
कमरे में पड़ी मिली लाश, पिता की शिकायत पर जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता सोमारू साय मौके पर पहुँचे. उन्होंने घर के कमरे में बेटी का खून से लथपथ शव देखा, जिसके शरीर, सिर और पेट पर चोट के गहरे निशान थे. मृतका की सास से पूरी बात जानने के बाद सोमारू साय ने तुरंत शंकरगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी.
पुलिस कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम एफएसएल (FSL) अधिकारी के साथ मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया. पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 97/2026 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की.
थाना प्रभारी उप निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह और उप निरीक्षक बसंत एक्का की अगुआई में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रमेश कोरवा को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया सरई का डंडा भी जब्त कर लिया है. 30 अगस्त 2026 को आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत (रिमांड) में भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें: सीएम निवास में रक्षाबंधन का आत्मीय उल्लास, विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं माताओं-बहनों ने मुख्यमंत्री को बांधी राखी
ADVERTISEMENT


