भिलाई: घर के चारों तरफ सीसीटीवी लगाने वाले डोमन साहू की घर के भीतर ही हो गई हत्या, किलर कोई और नहीं बल्कि पत्नी निकली!

Bhilai murder case: छत्तीसगढ़ के भिलाई से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां डोमन साहू की हत्या उसकी पत्नी हीरा मणि साहू ने घर के अंदर ही कर दी. घरेलू विवाद, शराब और मारपीट से तंग आकर पत्नी ने सिलबट्टे से हमला किया. जानिए पूरा मामला, पुलिस कार्रवाई और इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की वजह.

Bhilai murder case
पति की हरकतों से तंग आकर पत्नी ने सिलबट्टे से मार उतारा मौत के घाट

रघुनंदन पंडा

follow google news

छत्तीसगढ़ के भिलाई से रिश्तों को तार-तार करने देने वाली एक खबर सामने आई है. यहां एक पत्नी ने अपने पति के सिर पर सिलबट्टे से मारकर उसकी जान ले ली है. जैसे ही मामला लोगों तक पहुंचा पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के रोज शराब पीने, मारपीट और विवाद करने की वजह से काफी परेशान रह रही थी. बीते दिन जब वह वापस घर पर आकर विवाद कर रहा था, तभी महिला ने पास में रखे सिलबट्टे से मार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. आइए विस्तार से जानते है इस मामले की पूरी कहानी.

Read more!

शराबी पति से परेशान थी पत्नी

मामला भिलाई छावनी थाना क्षेत्र के दुर्गा पारा कैंप-2 से सामने आया है. यहां डोमन साहू(40) नाम का एक शख्स अपनी पत्नी हीरा मणि साहू और अपने दो बच्चों के साथ रहता था. डोमन साहू श्रम विभाग में संविदा कर्मी के रूप में ड्राइवरी का काम करता था. आरोप है कि डोमन रोज शराब पीता था और घर आकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था. पत्नी रोज-रोज के झगड़े से परेशान हो गई थी, लेकिन डोमन अपनी आदत से बाज नहीं आ रहा था. 

पत्नी ने तंग आकर दर्ज कराई थी शिकायत

मिली जानकारी के मुताबिक हीरा मणि साहू अपने पति के मारपीट से तंग आकर वारदात से एक दिन पहले थाने पहुंची थी. वहां उन्होंने डोमन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने BNS की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट भेज दिया था. लेकिन वहां से डोमन को जमानत मिल गई और वह वापस घर लौट आया.

जमानत मिलने के बाद फिर की मारपीट

जमानत मिलने के बाद शाम को डोमन घर पहुंचा और पुलिस में शिकायत करने को लेकर अपनी पत्नी से लड़ने लगा. दोनों के बीच देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और तभी हीरा मणि ने पास रखे सिलबट्टे को हाथ में लिया और डोमन के सिर पर मार दिया. हमला इतना जोरदार था कि डोमन वहीं पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. 

जैसे ही घटना की सूचना पुलिस को मिली, वे मौके पर पहुंचे और कार्रवाई में जुट गए. पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी. आरोपी ने अपना जुर्म कबूला जिसके बाद उसे न्यायालय भेजा गया और फिर वहां से जेल भेज दिया गया है.

चरित्र पर भी करता था शक

आसपास के लोगों से पूछने पर पता चला की डोमन साहू का पड़ोसियों के साथ भी संबंध कुछ खास अच्छा नहीं है. मोहल्ले वालों के मुताबिक वह आए दिन अपनी पत्नी से मारपीट करते रहता था, इसलिए लोग भी उससे दूरी बनाकर रखते थे. साथ ही डोमन को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था इसलिए उसने घर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरा लगा रखा था. यही नहीं बार-बार के विवाद से तंग आकर उसकी पत्नी कुछ दिन पहले अपने मायके जाकर रहने लगी थी. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है.

वहीं इस मामले में भिलाई नगर सी एस पी सत्य प्रकाश तिवारी ने कहा है कि, आपसी परिवारिक विवाद में पति डोमन  साहू को उसकी पत्नी हीरा मणि साहू ने सिल बट्टे से मारने का मामला सामने आया है. उसने सिर पर  प्राण घातक हमला किया, जिससे उसके पति की मृत्यु हो गई है. मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी हीरा मणि को पकड़ लिया गया है और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

मंगलसूत्र बना जान का दुश्मन...रायगढ़ में 3 बच्चों की मां की निर्मम हत्या, पता चली बिना तलाक लिव-इन वाली कहानी

    follow google news