बिलासपुर: जेल में बंद रिश्तेदार की जमानत के लिए जज की तस्वीर ले गया श्मशान, यूट्यूब वीडियो देख करने लगा टोना-टोटका

न्यूज तक डेस्क

10 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 10 2026 3:43 PM)

बिलासपुर में चाकूबाजी के आरोपी रिश्तेदार की जमानत कराने के लिए श्मशान घाट पर चीफ जस्टिस की फोटो रखकर तांत्रिक क्रिया कर रहा था युवक. जब ये बात कुछ गांववालों को पता चली तो उन्होंने उसे पकड़ा फिर जो हुआ वो जानकर चौंक जाएंगे आप.

तंत्र मंत्र का इस्तेमाल करता पकड़ा गया शख्स
तंत्र मंत्र का इस्तेमाल करता पकड़ा गया शख्स
Google CTA

अपराध के मामलों में जमानत पाने का रास्ता कानून और अदालत के गलियारों से होकर गुजरता है, लेकिन बिलासपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां अपने रिश्तेदार को जेल से बाहर निकालने के लिए एक युवक कानून का सहारा छोड़ तांत्रिक क्रिया का रास्ता आजमाने निकल पड़ा. हद तो तब हो गई जब वो श्मशान घाट में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस की फोटो लेकर तंत्र-मंत्र करने बैठ गया.

Read more!

यूट्यूब पर वीडियो देखकर बनाई तांत्रिक प्लान

पूरा मामला बिलासपुर जिले के सिपत थाना क्षेत्र के देवरी गांव का है. शुक्रवार और शनिवार की रात कुछ गांव वाले श्मशान की तरफ से गुजर रहे थे. उन्हें देर रात वहां कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं. जब ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो चार लोग तंत्र-मंत्र का सामान फैलाकर पूजा-पाठ में जुटे थे. ग्रामीणों ने जब उन्हें घेरा तो तीन लोग तो अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले, लेकिन एक युवक पकड़ा गया.

गांववालों ने फौरन उसे सिपत पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने एक तांत्रिक का वीडियो देखा था जिसमें दावा किया गया था कि एक खास अनुष्ठान करने से कोर्ट से जमानत आसानी से मिल जाती है.

मौके से बरामद हुआ अजीबोगरीब सामान

पुलिस अधीक्षक (SP) रजनेश सिंह ने बताया कि मौके से तांत्रिक पूजा का सामान जब्त किया गया है. पूजा की सामग्री में नींबू, सिंदूर, मछली के साथ-साथ छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा, आरोपी प्रियांशु और चाकूबाजी के पीड़ित व्यक्ति की तस्वीरें बरामद हुई हैं. पूछताछ में ऋषिकेश ने बताया कि उसका रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के एक मामले में जेल में बंद है. उस मामले के एक आरोपी को तो जमानत मिल गई थी, लेकिन प्रियांशु की अर्जी अदालत में पेंडिंग थी. इसी जल्दबाजी और अंधविश्वास के चक्कर में ऋषिकेश अपने तीन दोस्तों के साथ श्मशान घाट में चीफ जस्टिस की फोटो रखकर अनुष्ठान करने पहुंच गया.

पुलिस की सख्त चेतावनी

बिलासपुर पुलिस ने इस घटना के बाद लोगों को सख्त हिदायत दी है. एसपी सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और ऐसे टोने-टोटके करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी. पुलिस ने स्पष्ट लहजे में कहा कि किसी भी तरह की तांत्रिक क्रिया या अनुष्ठान से जमानत नहीं मिल सकती. कोर्ट का फैसला सबूतों और कानून के आधार पर होता है. अपराधियों को सही राह पकड़नी चाहिए न कि इस तरह के अंधविश्वास के भंवर में फंसना चाहिए.

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में AI क्रांति का आगाज: ₹500 करोड़ के AI मिशन को मिली मंजूरी, मुंगेली में लगेगा BEML का बड़ा हैवी मशीनरी प्लांट