बिलासपुर के घुटकू गांव में एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ ले लिया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. देवर और भाभी के बीच जारी आपसी रिश्ते की तनातनी की कीमत एक बेकसूर दो साल की बच्ची को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. आरोप है कि गुस्से में अंधे हुए चाचा ने अपनी ही मासूम भतीजी को जलते हुए चूल्हे पर पटक दिया जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
घटना कोनी थाना क्षेत्र की है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नितिन कुमार लोनिया का अपनी ही भाभी अंकिता के साथ प्रेम संबंध चल रहा था. अंकिता अपने पति सुधीर और दो साल की बेटी परमेश्वरी के साथ रहती थी. बीते 26 अगस्त को अंकिता अपनी बच्ची को साथ लेकर नितिन के साथ अचानक लापता हो गई थी. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी,
घर वापसी पर बढ़ा विवाद
7 सितंबर को जब तीनों गांव वापस लौटे, तो घर में हंगामा शुरू हो गया. मंगलवार को बात इतनी बढ़ी कि नितिन का अपने बड़े भाई सुधीर से झगड़ा हुआ, जिसके तुरंत बाद उसका अपनी भाभी अंकिता से भी तीखा विवाद हो गया. मारपीट की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया. लेकिन इसी बीच जो बात सामने आई, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए. बहस के दौरान नितिन ने आपा खो दिया और अपनी दो साल की मासूम भतीजी परमेश्वरी को जलती हुई लकड़ी के चूल्हे में बिठा दिया.
अस्पताल में तोड़ा दम
आग में बुरी तरह झुलसी बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की हर मुमकिन कोशिश की. हालांकि, गंभीर रूप से जली बच्ची ने देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी नितिन कुमार लोनिया को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले, पारिवारिक कलह और हत्या की वजहों की गहराई से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


