घूसखोर रेल अफसर के घर CBI का धावा: अलमारी खोलते ही उड़े होश, 77 लाख कैश और 14 लाख के गहने जब्त

रघुनंदन पंडा

17 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 17 2026 1:07 PM)

भिलाई में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए रेलवे के सीनियर अधिकारी और दलाल को CBI ने गिरफ्तार कर 4 दिन की रिमांड पर लिया है. आरोपी अफसर के ठिकानों से छापेमारी के दौरान करीब 77 लाख रुपये कैश और 14 लाख रुपये के आभूषण बरामद हुए हैं.

भिलाई
भिलाई
Google CTA

छत्तीसगढ़ के भिलाई में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी CBI ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के एक बड़े अफसर को घूस लेते रंगे हाथों धर दबोचा. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) भिलाई में तैनात वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Sr. DME) और IRSME अधिकारी अनमोल उइके को लंबित बिलों को पास करने के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया है.

Read more!

कार्रवाई के बाद जब CBI की टीम ने आरोपी अधिकारी के रायपुर और भिलाई स्थित ठिकानों पर छापेमारी की तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए. तलाशी के दौरान अफसर के घर से करीब 77 लाख रुपये कैश और 14 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के गहने बरामद हुए हैं. 

2 लाख से शुरू हुई थी डील

मामले की शुरुआत एक रेलवे ठेकेदार की शिकायत से हुई. ठेकेदार के कुछ पुराने बिल रेलवे विभाग में अटके हुए थे. आरोप है कि अनमोल उइके ने इन बिलों को पास कराने के बदले 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. मोलभाव के बाद अधिकारी 1 लाख रुपये लेने पर सहमत हुआ.

शिकायत मिलते ही CBI की टीम ने 13 अगस्त को जाल बिछाया। तय योजना के तहत आरोपी अफसर ने अपने एक दलाल के जरिए घूस की पहली किस्त यानी 50 हजार रुपये मंगवाए. जैसे ही दलाल ने शिकायतकर्ता से पैसे लिए, सतर्क खड़ी CBI टीम ने दलाल और अधिकारी दोनों को तुरंत दबोच लिया. 

कोर्ट ने भेजा 4 दिन की रिमांड पर

गिरफ्तारी के बाद CBI ने दोनों आरोपियों को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 4 दिन की पुलिस हिरासत (रिमांड) में भेज दिया है. फिलहाल CBI की टीम बरामद कैश और गहनों के स्रोतों का पता लगा रही है और अधिकारी के बाकी संपत्तियों व दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की जा रही है. इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में आने वाले दिनों में और भी कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है. 

ये भी पढ़ें: बस्तर का ऐतिहासिक पल: कभी नक्सलियों का था 'अभेद्य किला', अब कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर शान से फहरा तिरंगा