छत्तीसगढ़: घर के पास खेल रहा था बच्चा, अचानक 66 साल के बुजुर्ग ने सिर पर कुल्हाड़ी से कर दिया हमला, जानें पूरा मामला

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक 66 वर्षीय बुजुर्ग ने मामूली बात पर पड़ोसी के ढाई साल के बच्चे पर धारदार टांगी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी है.

छत्तीसगढ़ से आया दिल दहलाने वाला मामला
छत्तीसगढ़ से आया दिल दहलाने वाला मामला

रघुनंदन पंडा

follow google news

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है. उतई थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातरई में एक 66 साल के बुजुर्ग ने मामूली बात पर गुस्से में आकर पड़ोसी के ढाई साल के मासूम पर धारदार कुल्हाड़ी से वार तक दिया. हमला सीधे बच्चे के सिर पर किया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो चुका है.

Read more!

घटना के बाद खून से लथपत हालत में बच्चे को तुरंत भिलाई के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार फिलहाल बच्चे की हालत सामान्य बताई जा रही है.

पड़ोसी के घर गया था खेलने 

बताया जा रहा है कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के जोरातरई निवासी गोदावरी देवांगन ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका छोटा बेटा पड़ोस में रहने वाले परदेशी राम देवांगन के घर खेलने गया था. खेलते समय बुजुर्ग ने बच्चे को वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन जब वह नहीं माना तो आरोपी अचानक गुस्से में आ गया. इसके बाद उसने घर में रखी टांगी उठाई और बच्चे के सिर पर हमला कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला क्रमांक 74/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 296 और 351(3) के तहत अपराध कायम किया है. आरोपी परदेशी राम देवांगन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है.

शिकायत मिलने के बाद तुरंत की गई कार्रवाई 

दुर्ग पुलिस के एएसपी और प्रवक्ता मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और बच्चे का इलाज जारी है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

घटना स्थल की गली से लेकर आरोपी के घर के बाहर खड़ी गाड़ी, उतई थाने के बाहर मौजूद बच्चे के परिजन, थाने का बोर्ड, कागजी कार्रवाई करते पुलिसकर्मी और बच्चे पर हमला करने वाला आरोपी बुजुर्ग तक हर बारिकी को ध्यान में रख कर पूछताछ जारी है. 

ये भी पढ़ें: दिन में इडली-डोसा का धंधा, रात में चोरी-चकारी का काम... दुर्ग पुलिस ने पकड़ा शातिर गिरोह, 7 लाख से ज्यादा का सामान बरामद

    follow google news