Chhattishgarh News: अगर आपके घर भी कोई सालों से दूध, घी या सामान बेचने आ रहा है तो जरा संभल जाइए. भरोसे की आड़ में कैसे जिंदगी भर की कमाई लुट सकती है, इसका खौफनाक उदाहरण छत्तीसगढ़ के सरगुजा में देखने को मिला है. यहां एक महिला ने 8 साल के पुराने परिचय का फायदा उठाकर एक परिवार को नकली सोने के बिस्किट के नाम पर करीब 37 लाख रुपये का चूना लगा दिया.
ADVERTISEMENT
घी वाली आंटी का 'गोल्डन' जाल
मामला सरगुजा जिले के थाना कोतवाली का है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मंजू नाम की एक महिला पिछले 7-8 सालों से उनके घर घी बेचने आती थी. वह खुद को राजस्थान के किशनगढ़ की निवासी बताती थी. इतने सालों के परिचय के कारण परिवार उस पर आंख मूंदकर भरोसा करने लगा था. इसी भरोसे का फायदा उठाकर मंजू ने ठगी का मास्टर प्लान तैयार किया.
होली से ठीक पहले मंजू एक 'सोने का बिस्किट' लेकर पहुंची. उसने झांसा दिया कि उसे अपनी बेटी की शादी करनी है और उसे जेवरों की सख्त जरूरत है. 7 मार्च की शाम वह अपनी दो सहेलियों के साथ फिर आई और इमोशनल ड्रामा करते हुए पीड़िता को झांसे में ले लिया. जल्दबाजी में पीड़िता ने अपनी बेटी के लिए बनवाए गए 200 ग्राम सोने के गहने और 15 लाख रुपये नकद मंजू को सौंप दिए. बदले में मंजू ने उन्हें पीली चमक वाला वह बिस्किट थमा दिया.
सोनार की दुकान पर खुली पोल
आरोपियों के जाने के महज आधे घंटे बाद जब पीड़िता को कुछ शक हुआ, तो वह दौड़कर पास के सोनार के पास पहुंची. जांच हुई तो पैरों तले जमीन खिसक गई. वह बिस्किट सोने का नहीं, बल्कि महज एक पीतल का टुकड़ा था. ठगी का अहसास होते ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
गुजरात से प्रयागराज तक दबिश
सरगुजा डीआईजी और एसएसपी राजेश अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम बनाई. सीसीटीवी और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा करना शुरू किया.
- गुजरात कनेक्शन: पुलिस की एक टीम गुजरात रवाना हुई, जहाँ घेराबंदी कर मास्टरमाइंड मंजू राठौर और संतोष राठौर को दबोच लिया गया. इनके पास से करीब 7.78 लाख रुपये कैश और सोने के कड़े मिले.
- प्रयागराज में रेड: पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस की दूसरी टीम प्रयागराज पहुंची. यहां से सुनीता और कमला नाम की दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से भी 12.53 लाख रुपये नकद बरामद हुए.
अब तक क्या-क्या मिला?
पुलिस ने इस शातिर अंतरराज्यीय गिरोह के पास से अब तक कुल 20.31 लाख रुपये नकद, 100 ग्राम वजन के दो सोने के कड़े और 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी जा रही है. वहीं पूछताछ में आरोपियों ने यह भी खुलासा किया है कि उन्होंने ठगी के दौरान लूटा गया शेष सोना प्रयागराज के एक सुनार को बेच दिया है, जिसकी तलाश में अब पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
ADVERTISEMENT


