छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक ढर्रे को दुरुस्त करने के मकसद से साय सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. मंगलवार यानी 18 अगस्त की शाम जारी किए गए आदेश के मुताबिक राज्य में व्यापक स्तर पर फेरबदल करते हुए 22 आईएएस (IAS) और 1 आईएफएस (IFS) अफसर की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है. इस पूरे बदलाव का सबसे बड़ा असर मैदानी स्तर पर दिखा है, जहां कांकेर, कवर्धा, गरियाबंद, मुंगेली, सक्ती और मोहला-मानपुर, कुल छह जिलों की कमान नए कलेक्टरों के हाथों में सौंपी गई है.
ADVERTISEMENT
किसे मिली किस जिले की कमान?
प्रशासनिक संतुलन और क्षेत्र की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं:
- कांकेर: मुंगेली से हटाकर कुंदन कुमार को आदिवासी और खनिज संसाधन बहुल कांकेर जिले की जिम्मेदारी दी गई है.
- कवर्धा: मोहला-मानपुर की जिम्मेदारी संभाल रहीं तूलिका प्रजापति को अब कवर्धा का नया कलेक्टर बनाया गया है.
- मुंगेली: सक्ती के पूर्व कलेक्टर अमृत विकास तोपनो अब मुंगेली जिले की कमान संभालेंगे.
- गरियाबंद: रणवीर शर्मा को गरियाबंद का नया प्रशासनिक प्रमुख नियुक्त किया गया है.
- सक्ती: मंत्रालय में कार्यरत रहीं जयश्री जैन को सक्ती जिले की कमान दी गई है.
- मोहला-मानपुर: खेल विभाग की संचालक रहीं तनुजा सलाम को अब मोहला-मानपुर का कलेक्टर बनाया गया है.
हटाए गए कलेक्टरों को मिलीं ये जिम्मेदारियां
जिलों से हटाए गए अफसरों को मंत्रालय और राज्यस्तरीय विभागों में नई भूमिकाएं दी गई हैं. कांकेर के पूर्व कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर को अब संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास की कमान दी गई है. गरियाबंद में एक साल का कार्यकाल पूरा कर चुके भगवान सिंह उइके को सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) में संयुक्त सचिव बनाया गया है.
वहीं, कवर्धा के निवर्तमान कलेक्टर गोपाल वर्मा को मंत्रालय में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के संयुक्त सचिव पद पर भेजा गया है. कवर्धा में पिछले कुछ समय से कलेक्टर और पुलिस प्रशासन (SP) के बीच तालमेल की कमी की चर्चाएं गर्म थीं, हाल ही में वहां के एसपी धर्मेंद्र छवई को भी हटाया गया था.
राजनीतिक रूप से अहम जिलों पर खास नजर
यह फेरबदल राजनीतिक दृष्टिकोण से भी काफी मायने रखता है. कवर्धा जिला उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है, इसलिए वहां तूलिका प्रजापति की तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसी तरह मुंगेली जिला केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का गृह क्षेत्र है, जहां अमृत विकास तोपनो को भेजा गया है.
पर्यटन मंडल में बदलाव और IFS अफसर की वापसी
जिलों के अलावा विभागों में भी अहम बदलाव देखने को मिले हैं। पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक रहे IFS अधिकारी विवेक आचार्य को उनके मूल विभाग (वन एवं जलवायु परिवर्तन) में वापस भेज दिया गया है. आचार्य का पिछला कार्यकाल कुछ विवादों से घिरा रहा था. अब उनकी जगह IAS सौमिल रंजन चौबे को पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कुल मिलाकर, इस प्रशासनिक सर्जरी से राज्य सरकार ने न केवल जिलों के कामकाज में नई ऊर्जा भरने की कोशिश की है, बल्कि मंत्रालय स्तर पर भी व्यवस्था को नए सिरे से साधने का प्रयास किया है.
ये भी पढ़ें: माता-पिता की कुल्हाड़ी से ली जान, फिर बोरी में लाशें भरकर... हैरान कर देगा कलयुगी बेटे का ये कारनामा
ADVERTISEMENT


