इंस्टाग्राम-यूट्यूब पर लाखों फैंस, लेकिन असल में करता था गांजे की तस्करी, छत्तीसगढ़ का ये इंफ्लूएंसर गिरफ्तार

अरविंद यादव

01 Feb 2026 (अपडेटेड: Feb 1 2026 3:00 PM)

Chhattisgarh Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस ने 2.60 करोड़ रुपये कीमत का 5 क्विंटल 20 किलो गांजा एंबुलेंस से बरामद कर मशहूर यूट्यूबर और 'सर्प मित्र' आकाश जाधव समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है.

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
Google CTA

Chhattisgarh Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो सोशल मीडिया पर काफी मशहूर है. आरोपी का नाम आकाश जाधव है जो महाराष्ट्र के अहिल्यापुर का रहने वाला बताया जा रहा है. दिलचस्प बात यह है कि आकाश खुद को सर्प मित्र यानी सांपों को बचाने वाला बताकर लोगों के बीच पहचान बना चुका था.

Read more!

आकाश के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी उसकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है. उसके यूट्यूब चैनल पर करीब 56 लाख 80 हजार सब्सक्राइबर हैं जबकि इंस्टाग्राम पर उसे 3 लाख 17 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं. स्नेक रेस्क्यू से जुड़े वीडियो के कारण उसकी छवि एक नेक काम करने वाले व्यक्ति की बन गई थी लेकिन पुलिस जांच में कुछ और ही कहानी सामने आई.

पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़ा गया 

जानकारी के मुताबिक महासमुंद पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी. उसी वक्त एक एंबुलेंस को रोका गया. तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें से 5 क्विंटल 20 किलो गांजा मिल. जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है. इस बरामदगी के बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू की. 

इस तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश 

जांच के दौरान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कोमाखान थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया. पुलिस ने थोक बिक्री, परिवहन, बड़े खरीदार और खुदरा सप्लाई से जुड़े कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है. इन्हीं आरोपियों में आकाश जाधव का नाम भी शामिल है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आकाश सांपों के रेस्क्यू के काम की आड़ में ओडिशा से गांजा लाकर महाराष्ट्र पहुंचाता था और फिर इसे पुणे तक सप्लाई करता था. सोशल मीडिया पर उसकी पहचान एक सर्प मित्र के रूप में थी लेकिन जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था. 

ओडिशा के महाराष्ट्र तक करता था सप्लाई 

महासमुंद के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के मुताबिक, पूछताछ में यह भी पता चला है कि आकाश पिछले साल 6 से 7 बार ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर महाराष्ट्र जा चुका है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल है.

इस घटना ने सोशल मीडिया की चमक-दमक के पीछे छिपे सच पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. जो शख्स लोगों की नजर में सांपों का रक्षक था, वही कथित तौर पर नशे के इस बड़े खेल का हिस्सा निकला. पुलिस की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें: सोशल मीडिया पोस्ट ने खड़ा किया विवाद, बाबा सत्यनारायण के समर्थन में उतरा साहू समाज