छत्तीसगढ़ में एक ऐसी घटना हो गई जिसने पूरे गांव में सनसनी मचा दी. हर कोई दहशत में आ गया. एक शख्स ने अपनी पत्नी का सिर काट दिया. फिर कटे हुए सिर को बाएं हाथ में और हत्या में धारदार हथियार लेकर गलियों में घूमने लगा. ये सब देखते ही पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई.
ADVERTISEMENT
ये नजारा छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में देखने को मिला. बालको नगर पुलिस थाना इलाके के बुंदेली गांव में बुधवार की शाम सालिग राम ने आपसी विवाद के बीच अपनी पत्नी चैत कुंवर की गला काटकर हत्या कर दी. सिटी एसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक सालिक राम रोजी-मजदूरी का काम करता है. वह गांव के ही जीवन प्रकाश साहू के पोल्ट्री फार्म में रहकर दिहाड़ी कमाता था. सालिक राम पर उसकी पत्नी चरित्र शंका करती थी. अन्य स्त्रियों से उसका संबंध होने का आरोप लगाती थी. इस बात को लेकर पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. बुधवार की सुबह भी उनमें विवाद हुआ था. शाम करीब 5 बजे वह अपनी पत्नी के साथ शराब पी रहा था. इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया. उसने गुस्से में आकर धारदार चाकू से पत्नी की गला काट कर हत्या कर दी.
पत्नी के धड़ को मौके पर ही छोड़ा
सालिक राम का वहशीपन यहीं नहीं रुका. बल्कि उसने पत्नी के धड़ को मौके पर यूं ही छोड़ दिया और बिना किसी भय के कटे हुए सिर और चाकू को प्लास्टिक की बोरी में रखा और मोटरसाइकिल की डिक्की में बोरी को रखकर पुलिस थाना जाने के लिए रवाना हुआ. रास्ते में रुक कर उसने लोगों को बताया कि उसने अपनी पत्नी का सिर काट दिया है. लोगों के कहने पर उसने बोरी खोलकर कटे हुए सिर और चाकू को बाहर निकाल कर लोगों को दिखाया. उसने लोगों को बताया कि वह पुलिस थाना जा रहा है, लेकिन वह थाना जाने की जगह एक हाथ में पत्नी का कटा हुआ सिर और एक हाथ में हत्या में प्रयुक्त चाकू लेकर गांव की गलियों में घूमने लगा.
पति ने बताई हत्या की वजह
आरोपी सालिकराम यादव ने लोगों को बताया कि उसकी पत्नी उस पर शक करती थी. उसके चरित्र पर संदेह करती थी. किसी भी महिला को लेकर लांछन लगाती थी. इसी बात को लेकर विवाद में सालिकराम ने घटना को अंजाम दिया. बहरहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है. मृतका के शव और कटे हुए सिर को बरामद कर मर्ग पंचनामा के बाद जांच शुरू कर दी है. सालिग राम की इस हरकत के कारण उसके चार बच्चों के सिर से मां की ममता का साया छिन गया है. बच्चों के सामने पालन -पोषण की समस्या भी आ गई है.
ADVERTISEMENT


