Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के जशपुर से सामने आए एक वीडियो ने हर माता-पिता की चिंता बढ़ा दी है. जिस उम्र में बच्चों से जिम्मेदारी और सुरक्षित व्यवहार की उम्मीद की जाती है उसी उम्र के कुछ स्कूली छात्र फेयरवेल पार्टी के बाद चलती गाड़ी में खतरनाक स्टंट करते नजर आए. तेज रफ्तार वाहन, खुले दरवाजे से लटकते छात्र और हाथ में बीयर की बोतल. यह नजारा न सिर्फ कानून तोड़ता दिखा बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रहा है.
ADVERTISEMENT
क्या है मामला
दरअसल सोशल मीडिया पर जशपुर के किनकेल रोड का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में काले रंग की स्कॉर्पियो में कुछ छात्र दिख रहे हैं. ये छात्र न केवल तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे, बल्कि गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर लटकते भी दिखाई दिए.
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छात्र हाथ में बीयर की बोतल है और वो उसे लहराते हुए स्टंट कर रहा है जिससे न सिर्फ उसकी बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी.
कैमरे पर हो गया रिकॉर्ड
यह पूरा घटनाक्रम किसी राहगीर ने गाड़ी का पीछा करते हुए अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है और लोग ऐसे गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि फेयरवेल समारोह के बाद छात्र जश्न के मूड में थे लेकिन यह जश्न जल्द ही लापरवाही में बदल गया. चलती गाड़ी में शराब की बोतल दिखाना और दरवाजे से लटककर स्टंट करना गंभीर हादसे को न्योता दे सकता था.
यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. खासकर कम उम्र के छात्रों के लिए इस तरह के जोखिम भरे स्टंट बेहद खतरनाक हैं.
वीडियो वायरल हो सकती है कार्रवाई
फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि संबंधित मामले पर कार्रवाई की जा सकती है. साथ ही यह घटना अभिभावकों और स्कूलों के लिए भी एक चेतावनी है कि बच्चों की सुरक्षा और जिम्मेदारी को लेकर ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है.
ADVERTISEMENT

