चोर हैं या मजनू? छत्तीसगढ़ में कांग्रेस दफ्तर से 72 नल उड़ाए, फर्श पर लिख गए- 'I Love You Ambikapur'

Chhattisgarh: अंबिकापुर के कांग्रेस कार्यालय में चोरों ने तीसरी बार सेंधमारी कर बाथरूम से 72 कीमती नल पार कर दिए और फर्श पर "I Love You Ambikapur" लिख गए.

छत्तीसगढ़ में आया चोरी का अजब गजब मामला
छत्तीसगढ़ में आया चोरी का अजब गजब मामला

सुमी राजाप्पन

follow google news

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर का ये मामला बताने जा रही हूं उसे सुनकर लोग हैरान भी होंगे और अपनी हंसी भी नहीं रोक पाएगें. यहां चोरों ने किसी सूने मकान या दुकान को नहीं, बल्कि शहर के बीचों-बीच गांधी चौक पर स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय 'राजीव भवन' को अपना निशाना बना लिया. 

Read more!

चोरों का दुस्साहस तो देखिए उन्होंने न सिर्फ दफ्तर के बाथरूम से करीब 72 कीमती नल (टोटियां) पार कर दीं, बल्कि जाते-जाते फर्श पर एक 'लव लेटर' भी छोड़ गए. चोरों ने जमीन पर लिखा- "I Love You Ambikapur". इस अतरंगी और बेखौफ अंदाज ने जहां एक तरफ पुलिस महकमे के होश उड़ा दिए हैं, वहीं दूसरी तरफ शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

तीसरी बार 'राजीव भवन' में सेंधमारी

हैरानी की बात ये है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. कोतवाली थाना इलाके के इस वीआईपी जोन में स्थित कांग्रेस दफ्तर में चोरी की यह तीसरी वारदात है. चोरों ने जिस सफाई से एक-एक करके 72 नल निकाले, उससे साफ है कि उन्हें न तो पकड़े जाने का कोई खौफ था और न ही पुलिस की गश्त का कोई डर. आराम से वारदात को अंजाम देकर, मैसेज लिखकर चोर रफूचक्कर हो गए.

यह सीधे कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाना है

घटना की भनक लगते ही कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक तुरंत मौके पर पहुंचे. दफ्तर के बाथरूम और वहां लिखे मैसेज को देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा.

उन्होंने कहा, "हमारे कार्यालय में चोरी की यह तीसरी घटना है. चोरों की हिम्मत इतनी बढ़ चुकी है कि वे अब चोरी करने के बाद जमीन पर बकायदा संदेश लिखकर जा रहे हैं. यह सीधे तौर पर शहर की कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाना है."

पाठक ने आशंका जताई है कि इस पूरी करतूत के पीछे शहर में सक्रिय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है.

पुलिसिंग पर उठे गंभीर सवाल

इस अजीबोगरीब चोरी के बाद कांग्रेस ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन को आड़े हाथों लिया है. पार्टी का आरोप है कि शहर के मुख्य चौराहे के पास, वो भी एक राजनीतिक दल के दफ्तर में अगर चोर इतने इत्मीनान से वारदात को अंजाम दे रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और लचर पुलिसिंग को लेकर अब स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील

    follow google news