दुर्ग : 40 लाख रुपये के 201 गुम या चोरी हुए मोबाइल बरामद कर असली मालिकों को लौटाए, खुशी से झूम उठे लोग

• 06:51 PM • 19 Nov 2026

छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस और ACCU टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से 40 लाख रुपये कीमत के 201 गुम मोबाइल फोन बरामद कर असली मालिकों को सौंपे हैं. वर्ष 2026 में अब तक 1400 से अधिक मोबाइल रिकवर किए जा चुके हैं. पढ़ें पूरी खबर.

अपने गुम हुए मोबाइल पाकर खुश हुए उसके मालिक.
अपने गुम हुए मोबाइल पाकर खुश हुए उसके मालिक.
Google CTA

Durg crime news: छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने मोबाइल गुम होने या चोरी होने से परेशान नागरिकों को बड़ी राहत दी है. दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच और CEIR पोर्टल की मदद से करीब 40 लाख रुपये कीमत के 201 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल की मौजूदगी में इन सभी मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया.

Read more!

वर्ष 2026 का सातवां अभियान, अब तक 1400 से अधिक मोबाइल बरामद 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2026 में यह सातवां मौका है जब अभियान चलाकर गुम हुए मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस किए गए हैं. CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से दुर्ग पुलिस इस साल अब तक 1,400 से अधिक मोबाइल फोन रिकवर कर चुकी है. लंबे समय बाद अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया.

छत्तीसगढ़ के कई जिलों और तीन अन्य राज्यों से ट्रेस हुए फोन 

इस कार्रवाई में पुलिस ने वर्ष 2024, 2025 और 2026 में गुम हुए मोबाइल फोनों की तकनीकी जानकारी जुटाकर लगातार निगरानी की. बरामद किए गए अलग-अलग कंपनियों के ये 201 मोबाइल केवल दुर्ग जिले तक सीमित नहीं थे, बल्कि पुलिस ने संबंधित राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर इन्हें खोज निकाला. ये फोन दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर के अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों से भी ट्रेस कर बरामद किए गए हैं.

आने वाले समय में चलेगा मेगा अभियान- एसएसपी विजय अग्रवाल 

मामले की जानकारी देते हुए दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद 40 लाख रुपये कीमत के 201 मोबाइल रिकवर कर मूल धारकों को सौंपे हैं. उन्होंने कहा कि यह इस वर्ष का 7वां अभियान था और अब तक 1,400 मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं. एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में इसके लिए एक 'मेगा अभियान' चलाया जाएगा, जिसमें दुर्ग जिले के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में भी टीम भेजकर गुम मोबाइल रिकवर किए जाएंगे.

मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें यह काम 

एसएसपी विजय अग्रवाल और दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी का भी मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें और केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराएं. पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद फोन को ब्लॉक किया जा सकता है. साथ ही, यदि फोन में नेट बैंकिंग या यूपीआई सक्रिय है, तो तुरंत बैंक को सूचित कर उसे ब्लॉक कराएं.

पुलिस ने लोगों को अपने फोन में मजबूत स्क्रीन लॉक रखने, महत्वपूर्ण डेटा का बैकअप लेने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी के साथ भी OTP या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी है. किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट cybercrime की वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

भिलाई में डॉक्टर के घर एक करोड़ की सनसनीखेज चोरी: आंगन में जमीन खोदकर छिपाए थे 47 लाख, ऐसे पकड़े गए शातिर चोर