भिलाई में ED का बड़ा एक्शन: भूपेश बघेल के पूर्व निज सचिव के घर CRPF की तैनाती, जानें पूरा मामला

रघुनंदन पंडा

• 05:14 PM • 02 Sep 2026

छत्तीसगढ़ के भिलाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व निज सचिव कृष्ण कुमार चंद्रवंशी के घर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तड़के छापेमारी की. यह कार्रवाई बहुचर्चित CGPSC पेपर लीक और भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में सीआरपीएफ (CRPF) की कड़ी सुरक्षा के बीच की जा रही है.

छत्तीसगढ़ के भिलाई में ED की कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के भिलाई में ED की कार्रवाई
Google CTA

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व निज सचिव (PS) कृष्ण कुमार चंद्रवंशी के ठिकाने पर अचानक दबिश दी. यह कार्रवाई भिलाई-3 स्थित विश्व बैंक कॉलोनी में उनके निवास पर की गई, जहां सुबह से ही जांच टीम की हलचल जारी है.

Read more!

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 6 बजे ED के अधिकारी तीन गाड़ियों में सवार होकर चंद्रवंशी के आवास पहुंचे. किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने और जांच में बाधा रोकने के लिए सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों और स्थानीय पुलिस बल को मकान के बाहर तैनात कर दिया गया है.

CGPSC भर्ती घोटाले से तार जुड़ने की आशंका

सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी चर्चित CGPSC (छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग) परीक्षा पेपर लीक और भर्ती घोटाले की जांच की कड़ी मानी जा रही है. एजेंसी घर के भीतर मौजूद अहम फाइलों, वित्तीय दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से पड़ताल कर रही है. उल्लेखनीय है कि CGPSC घोटाले को लेकर जांच एजेंसियां लगातार शिकंजा कस रही हैं. हाल ही में ED ने इस मामले में आयोग के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार किया था. माना जा रहा है कि सोनवानी से पूछताछ में मिले इनपुट्स के आधार पर ही चंद्रवंशी के ठिकाने पर यह कार्रवाई की गई है.

राजनीतिक गलियारों में गर्माया माहौल

हालांकि, इस सर्च ऑपरेशन को लेकर ED की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्यों का मिलान करने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी. चूंकि मामला पूर्व मुख्यमंत्री के बेहद करीबी रहे पूर्व प्रशासनिक अफसर से जुड़ा है, इसलिए इस कार्रवाई के बाद राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है.

ये भी पढ़ें: MOTN Survey: छत्तीसगढ़ में बीजेपी-कांग्रेस का क्या है हाल? ताजा सर्वे में सामने आया सियासी मूड