ओडिशा से मुंबई जा रही थी 2 करोड़ के गांजे की खेप, छत्तीसगढ़ के गरियाबंद पुलिस ने ऐसे पकड़ी पूरी गैंग, 5 गिरफ्तार

न्यूज तक डेस्क

• 03:01 PM • 25 Aug 2026

गरियाबंद पुलिस ने 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत 2 करोड़ रुपये कीमत का 400 किलो गांजा जब्त कर अंतरराज्यीय तस्करी गैंग का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने पायलट बाइक और ट्रक का पीछा करते हुए ओडिशा के मुख्य सप्लायर समेत कुल 5 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

छत्तीसगढ़ में करोड़ों का नशे का सामान बरामद
छत्तीसगढ़ में करोड़ों का नशे का सामान बरामद
Google CTA

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन निश्चय' में बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय  गैंग को बेनकाब किया है. ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा 400 किलो गांजा जब्त किया गया. बाजार में इस गांजे की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

Read more!

ट्रक की छत पर तिरपाल के नीचे छिपाया था गांजा

मामला देवभोग इलाके के खुटगांव चेकपोस्ट का है. पुलिस को खबर मिली थी कि ओडिशा की तरफ से गांजे की एक बड़ी खेप आने वाली है. जैसे ही एक नारंगी रंग का आयशर ट्रक चेकपोस्ट के पास पहुंचा, पुलिस ने उसे रोक लिया. जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसकी छत पर काले तिरपाल के नीचे खाकी रंग की टेप में लिपटे कई पैकेट मिले. पैकेट खोले गए तो अंदर गांजा भरा हुआ था, जिसका कुल वजन 400 किलो निकला.

आगे चल रही बाइक और सप्लायर तक पहुंची पुलिस

पकड़े गए लोगों से जब पुलिस ने पूछताछ की, तो पता चला कि ट्रक के आगे-आगे एक नीले रंग की ग्लैमर बाइक चल रही थी. बाइक पर सवार दो लोग रास्ता देख रहे थे ताकि पुलिस दिखने पर ट्रक वाले को अलर्ट कर सकें. पुलिस ने तुरंत पीछा करके बाइक सवारों को भी धर दबोचा.

इसके बाद तस्करों ने बताया कि यह गांजा उन्होंने ओडिशा के कालाहांडी (डेंगागुड़ा) के रहने वाले विनोद दिसारी से खरीदा था. पुलिस सिर्फ रास्ते में माल पकड़कर नहीं रुकी, बल्कि तुरंत एक टीम ओडिशा भेजी और मुख्य सप्लायर विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार कर लिया.

क्या-क्या हुआ बरामद?

मामले की तह तक पहुंचते हुए गरियाबंद पुलिस ने सप्लायर समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 2 नवी मुंबई (महाराष्ट्र) और 3 ओडिशा के रहने वाले हैं. पुलिस ने इनके पास से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का 400 किलो गांजा, 6 लाख 50 हजार रुपये नकद, 3 मोबाइल फोन, 1 आयशर ट्रक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 1 मोटरसाइकिल जब्त की है. पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के बाद पुलिस ने सभी पांचों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश कर दिया है.

एसपी गरियाबंद, वेदव्रत सिरमौर ने बताया, "पुलिस आईजी के निर्देश पर नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. ओडिशा के कालाहांडी से आयशर ट्रक के जरिए 4 क्विंटल गांजे की तस्करी की जा रही थी. मामले में सप्लायर समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 2 नवी मुंबई और 3 ओडिशा के रहने वाले हैं. नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा."

ये भी पढ़ें: केमिकल छिड़का और कागज बन गया असली नोट! छत्तीसगढ़ पुलिस ने ऐसे खोला 4 करोड़ की ठगी का राज