छत्तीसगढ़ के रायपुर में GATE परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश, हरियाणा के 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में Graduate Aptitude Test in Engineering (GATE) परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस से नकल कराने वाले गिरोह का खुलासा हुआ, जिसमें हरियाणा के छह आरोपी गिरफ्तार किए गए,

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़

सुमी राजाप्पन

follow google news

रायपुर में राष्ट्रीय स्तर की Graduate Aptitude Test in Engineering (GATE) परीक्षा के दौरान नकल कराने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. इस मामले में हरियाणा के रहने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि यह रैकेट पूरी योजना के साथ काम कर रहा था और परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर सकता था.

Read more!

दरअसल, पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि सरोना स्थित परीक्षा केंद्र के आसपास कुछ संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं. सूचना मिलते ही डीडी नगर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीमों ने इलाके में निगरानी शुरू कर दी. जांच के दौरान कुछ लोगों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़ा गया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.

ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि परीक्षा हॉल के अंदर बैठे कुछ अभ्यर्थी कथित तौर पर बेहद छोटे और छिपाकर रखे गए ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल कर रहे थे. वे प्रश्नपत्र के सवाल बाहर मौजूद अपने साथियों तक पहुंचा रहे थे. बाहर बैठे आरोपी इंटरनेट की मदद से तुरंत जवाब ढूंढते और उन्हें रियल टाइम में वापस भेज देते थे. इस तरह तकनीक का सहारा लेकर नकल कराने की कोशिश की जा रही थी.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई ब्लूटूथ गैजेट, मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए हैं. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पब्लिक एग्जामिनेशन से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है.

अन्य राज्यों में भी हो सकता है गिरोह

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक छोटा हिस्सा हो सकता है और इस गिरोह के तार अन्य राज्यों या लोगों से भी जुड़े हो सकते हैं. फिलहाल जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है. अधिकारियों ने साफ किया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: चलती कार में स्टंट और हाथों में शराब... जशपुर में स्कूली छात्रों की खतरनाक मस्ती का Video वायरल

    follow google news