छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति देने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी हालिया आदेश के तहत सीनियर अफसरों को महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है जिसमें ऋचा शर्मा को पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है.
ADVERTISEMENT
ऋचा शर्मा अब विकास आयुक्त के साथ-साथ ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक पद का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगी. इसी क्रम में मनोज कुमार पिंगुआ को वन और जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सुबोध कुमार सिंह को ऊर्जा विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है. सुबोध कुमार सिंह ऊर्जा विभाग के साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनियों के अध्यक्ष का पदभार भी संभालेंगे.
महिला अधिकारियों को मिली महत्वपूर्ण विभाग
महिला अधिकारियों को भी सरकार ने बेहद महत्वपूर्ण विभागों में पदस्थ किया है. निहारिका बारिक को गृह एवं जेल विभाग की नई प्रमुख सचिव बनाया गया है, तो वहीं शहला निगार को महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख सचिव पद की कमान सौंपी गई है, जिसके साथ वे समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगी.
वित्त जैसे संवेदनशील विभाग की जिम्मेदारी अब डॉ. रोहित यादव के पास होगी, जिन्हें सचिव वित्त के साथ-साथ जनसंपर्क विभाग और पेंशन निवारण समिति के अध्यक्ष का भी जिम्मा दिया गया है. शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए डॉ. कमलप्रीत सिंह को स्कूल शिक्षा विभाग और अविनाश चंपावत को उच्च शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है. कृषि और किसान कल्याण की कमान परदेशी सिद्धार्थ कोमल को मिली है, जो कृषि उत्पादन आयुक्त की भूमिका में भी नजर आएंगे.
राजस्व और स्थानीय प्रशासन में भी व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं. शम्मी आबिदी को राजस्व, आपदा प्रबंधन और पुनर्वास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें राहत, पुनर्वास और भू-अभिलेख आयुक्त का प्रभार भी दिया गया है. आर. संगीता को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि बसवराजू एस. कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे.
मुख्यमंत्री सचिवालय और अधोसंरचना विकास में मुकेश कुमार बंसल की भूमिका अहम होगी, जिन्हें वाणिज्यिक कर के साथ पीडब्ल्यूडी, विमानन और मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में तैनात किया गया है. वहीं रीना बाबा साहेब कंगाले को आबकारी विभाग के सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
सात जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति
जिला स्तर पर प्रशासनिक कसावट लाते हुए सरकार ने सात जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की है. अब कोरिया जिले की कमान पुष्पा साहू के हाथों में होगी, जबकि डॉ. संतोष कुमार देवांगन को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर बनाया गया है. चंदन संजय त्रिपाठी को बलरामपुर-रामानुजगंज, संतान देवी जांगड़े को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और पद्मिनी भोई साहू को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा रेना जमील को सूरजपुर और विश्वदीप को बीजापुर जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है.
राजधानी रायपुर के प्रशासनिक ढांचे में भी बदलाव हुआ है, जहां संबित मिश्रा को रायपुर नगर निगम का आयुक्त और रायपुर स्मार्ट सिटी का एमडी बनाया गया है, वहीं श्याम लाल धावड़े को रायपुर संभाग के आयुक्त पद की जिम्मेदारी मिली है. अन्य प्रमुख नियुक्तियों में महादेव कावरे को सहकारिता आयुक्त, सारांश मित्तर को क्रेडा का सीईओ और पदुम सिंह एल्मा को आबकारी आयुक्त बनाया गया है, जबकि संजीव कुमार झा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यों की निगरानी करेंगे.
ये भी पढ़ें: कच्ची झोपड़ी से पक्के घर तक का सपना हो रहा साकार, मुख्यमंत्री ने ईंट जोड़कर किया श्रमदान
ADVERTISEMENT


