छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. चिलफी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक को रोककर उसमें से 447 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त गांजे की कीमत लगभग 2.23 करोड़ रुपये आंकी गई है. पुलिस ने मामले में पंजाब के एक आरोपी को हिरासत में लिया है.
ADVERTISEMENT
जांच देखकर घबराया ड्राइवर, खुली पोल
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश की सीमा से सटे चिलफी पुलिस स्टेशन के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान बोडला की तरफ से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रुकवाया गया. पुलिस को देखकर ड्राइवर घबराने लगा और उसकी हरकतों पर संदेह हुआ. कड़ाई से पूछताछ करने के बाद जब ट्रक की बारीकी से तलाशी ली गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई.
ड्राइवर सीट के ऊपर बना था स्पेशल केबिन
तस्करों ने गांजा छुपाने के लिए दिमाग लगाते हुए ड्राइवर सीट के ठीक ऊपर एक खास गुप्त खाना (केबिन) बना रखा था. इस सीक्रेट हिस्से की तलाशी लेने पर खाकी टेप से पैक किए गए दर्जनों पैकेट मिले, जिनके भीतर 447 किलो गांजा भरा हुआ था.
अमृतसर का रहने वाला है आरोपी, ANTF में पूछताछ जारी
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी बलजीत सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है. कबीरधाम जिले की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम अब आरोपी से रिमांड पर पूछताछ कर रही है, ताकि इस अंतर-राज्यीय सिंडिकेट से जुड़े बाकी तस्करों और मुख्य सप्लायर का सुराग लगाया जा सके.
कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार का इनाम
तस्करी के इस बड़े मामले का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम की मुस्तैदी को देखते हुए राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अजय यादव ने 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है.
गौरतलब है कि कबीरधाम पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है. इससे पहले भी पुलिस ने कई अनोखे तरीकों से गांजा तस्करी करने वाले गिरोहों का पर्दाफाश किया है, जिसमें हाल ही में साधु के भेष में तस्करी करने वाले शातिर भी पकड़े गए थे.
ये भी पढ़ें: मुर्गा बनाने से मना करने पर पति ने डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या की, बलरामपुर से आया हैरान करने वाला मामला
ADVERTISEMENT


