छत्तीसगढ़ के सरगुजा से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल एक बेटे ने रिश्तों को तार-तार करते हुए अपने ही जन्मदाताओं की बेदर्दी से हत्या कर दी. वारदात धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा की है. मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर 60 साल के हीराधर यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव अपने घर में मौजूद थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बेटे से कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में अंधे हुए बेटे ने माता-पिता की डंडों से पिटाई शुरू कर दी. इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठाकर अपने मां-बाप पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.
ADVERTISEMENT
आरोपी ने कुल्हाड़ी से उनके सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमले किए. हमले इतने भीषण थे कि दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
बोरी में लाशें भरकर भागने की बना रहा था योजना
हत्या की इस नृशंस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सबूत मिटाने की तैयारी में जुट गया. उसने अपने माता-पिता के शवों को दो अलग-अलग बोरियों में बंद कर दिया और उन्हें कहीं दूर ठिकाने लगाने की फिराक में था.
इसी बीच गांव वालों और आरोपी के भाई को इस खौफनाक वारदात की भनक लग गई. भाई बदहवास हालत में दौड़ता हुआ घर पहुंचा, लेकिन उसे देखते ही आरोपी शवों को बोरी में बंद छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया. घर के अंदर का नजारा देखकर परिजनों और ग्रामीणों के पैर तले जमीन खिसक गई- कमरे में हर तरफ खून फैला हुआ था और बोरियों में शव पड़े थे.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना तुरंत धौरपुर थाना पुलिस को दी गई. खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है. मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे. फिलहाल धौरपुर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
ये भी पढ़ें: माटी से जुड़ाव: गृहग्राम बगिया के खेतों में उतरे CM विष्णु देव साय, खुद बैलों के साथ हल चलाकर की 'बियासी'
ADVERTISEMENT


