छत्तीसगढ़: कोरबा के मशहूर रेस्टोरेंट में बड़ी लापरवाही, टॉयलेट में धुल रहे थे बर्तन, फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट लिया ये बड़ा एक्शन

गेंदलाल शुक्ल

• 12:18 PM • 07 Oct 2026

कोरबा के निहारिका स्थित नामचीन रेस्टोरेंट के टॉयलेट में बर्तन धोने का वीडियो वायरल होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. विभाग ने रेस्टोरेंट को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सुधार कार्य पूरा होने तक आउटलेट का संचालन बंद करने के निर्देश दिए हैं.

छत्तीसगढ़ से आया हैरान करने वाला मामला
छत्तीसगढ़ से आया हैरान करने वाला मामला
Google CTA

छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर के एक बेहद लोकप्रिय और चर्चित रेस्टोरेंट से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. रेस्टोरेंट के निहारिका स्थित आउटलेट के टॉयलेट में बर्तन धोए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. आम लोगों की सेहत से जुड़े इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर संस्थान की जांच-पड़ताल की.

Read more!

ग्राहक ने पकड़ा सच, वीडियो किया वायरल

दरअसल, निहारिका स्थित इस आउटलेट में पहुंचे एक ग्राहक की नजर टॉयलेट के अंदर बर्तन साफ कर रहे कर्मचारी पर पड़ी. ग्राहक ने तुरंत इस लापरवाही का वीडियो बना लिया. जब इस बारे में वहां मौजूद स्टाफ से जवाब मांगा गया तो उन्होंने इसे 'इमर्जेंसी की स्थिति' बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की. ग्राहक ने जब ये वीडियो इंटरनेट पर अपलोड किया, तो शहर में हंगामा मच गया. रोजाना यहां से खाने-पीने का सामान खरीदने वाले ग्राहकों में इस घोर लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.

स्टाफ का खाना गर्म करने वाला कुकर था

वायरल वीडियो पर अपनी सफाई देते हुए रेस्टोरेंट के मैनेजर ज्ञानेन्द्र मिश्रा ने बताया कि आउटलेट में काम करने वाले कर्मचारियों का खाना मुख्य ब्रांच से बनकर आता है. कर्मचारी दोपहर में कुकर में खाना गर्म करके खाते हैं. उन्होंने दावा किया कि टॉयलेट वाले हिस्से में ग्राहकों को परोसे जाने वाले बर्तन नहीं, बल्कि कर्मचारियों के खाने का कुकर धोया जा रहा था, क्योंकि बाहर पानी की किल्लत थी. हालांकि, खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आगे यह तर्क लोगों के गले नहीं उतर रहा है.

खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, अस्थायी रूप से बंद कराया जाएगा आउटलेट

मामला तूल पकड़ते ही सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी संघर्ष मिश्रा और विकास भगत की टीम ने सीधे आउटलेट में दबिश दी. निरीक्षण के बाद अधिकारी संघर्ष मिश्रा ने साफ किया कि हाइजीन और वाशिंग एरिया के मानकों में साफ तौर पर कमियां पाई गई हैं. विभाग की ओर से संस्थान को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है.

अधिकारियों के मुताबिक, आउटलेट को सुधार कार्य के लिए कुछ दिनों का समय देकर बिक्री पूरी तरह बंद कराई जाएगी. जब तक संस्थान हाइजीन के सभी पैरामीटर्स को दुरुस्त कर विभाग को संतुष्ट नहीं कर देता, तब तक यहां से किसी भी तरह के लेन-देन या बिक्री की इजाजत नहीं दी जाएगी. विभाग इस मामले की पूरी रिपोर्ट बनाकर अपने वरिष्ठ अधिकारियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज रहा है.

ये भी पढ़ें: ग्लोबल टूरिज्म से जुड़ेंगे छत्तीसगढ़ के जंगल: सिंगापुर के मंडाई वाइल्डलाइफ रिजर्व पहुंचे CM विष्णु देव साय, इको-टूरिज्म मॉडल का लिया जायजा