छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसने सबको हैरान कर दिया है. एक महिला ने अपने पति पर जो आरोप लगाए हैं, वो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगते. पत्नी का कहना है कि उसके पति को 'हर पांच साल में बीवी बदलने' का शौक है और अब वह बिना तलाक लिए चौथी शादी रचाने की तैयारी में है. यह मामला अब छत्तीसगढ़ महिला आयोग की दहलीज तक जा पहुंचा है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
कोरबा की रहने वाली श्वेता ने महिला आयोग की जनसुनवाई में अपनी आपबीती सुनाते हुए सबको सन्न कर दिया. श्वेता का आरोप है कि उसके पति का व्यवहार और उसका 'पैटर्न' बहुत अजीब है. वह शादी के बाद कुछ साल तो साथ रहता है, लेकिन फिर अचानक दूरी बना लेता है और किसी दूसरी महिला की तलाश शुरू कर देता है. श्वेता के मुताबिक, उसका पति पहले भी तीन शादियां कर चुका है और अब उसकी नजर चौथी शादी पर है.
बिना तलाक लिए फेरे लेने की तैयारी
श्वेता ने आयोग को बताया कि उसका और उसके पति का अभी कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ है. मामला कोर्ट में चल रहा है और अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं आया है. इसके बावजूद पति अपनी नई 'दुल्हन' लाने की तैयारी कर रहा है. श्वेता का कहना है कि यह न सिर्फ उसके साथ धोखा है, बल्कि कानून की भी सरेआम धज्जियां उड़ाना है. इस वजह से वह गहरे मानसिक तनाव में है.
'आशिक मिजाज' पति से परेशान पत्नी
जनसुनवाई के दौरान श्वेता भावुक हो गई और उसने कहा कि उसके पति का स्वभाव अब पूरी तरह 'आशिक मिजाज' हो गया है. उसे कानून का कोई डर नहीं है. श्वेता ने आरोप लगाया कि पति के खिलाफ पहले से कई केस दर्ज हैं, लेकिन वह इन सब बातों को नजरअंदाज कर अपनी चौथी शादी की योजना में जुटा है. पत्नी को डर है कि अगर जल्द ही कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो उसका पति एक और महिला की जिंदगी बर्बाद कर देगा.
महिला आयोग ने लिया कड़ा संज्ञान
छत्तीसगढ़ महिला आयोग ने इस शिकायत को बेहद गंभीरता से लिया है. आयोग की अध्यक्ष ने साफ कहा कि बिना तलाक लिए दूसरी शादी करना कानूनन अपराध है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आयोग ने तुरंत पुलिस और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस मामले की गहराई से जांच की जाए. साथ ही, संरक्षण अधिकारियों को कड़ी नजर रखने को कहा गया है ताकि किसी भी तरह की अवैध शादी को समय रहते रोका जा सके. कोरबा में अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग हैरान हैं कि कैसे कोई व्यक्ति पुराने कानूनी मामलों के बावजूद बार-बार शादी करने की हिम्मत जुटा रहा है.
ये भी पढ़ें: दुल्हन, दहेज और अब... कमर्शियल गैस भी आपकी! छत्तीसगढ़ के इस होटल का अनोखा बोर्ड वायरल
ADVERTISEMENT


