छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में एक मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. एक तरफ जहां सड़क किनारे जमीन के अंदर से 12वीं के छात्र का शव बरामद हुआ है, वहीं उसकी मां की लाश घर के बाथरूम में संदेहास्पद हालत में मिली है. इस दोहरी मौत की गुत्थी ने पुलिस और स्थानीय लोगों के होश उड़ा दिए हैं.
ADVERTISEMENT
कैसे खुला इस खौफनाक राज का पर्दा?
घटना का खुलासा शनिवार को तब हुआ जब महावीरपुर इलाके में सड़क के किनारे जमीन से अचानक एक पैर बाहर निकला दिखाई दिया. वहां से गुजरने वाले स्थानीय लोगों की नजर जब इस पर पड़ी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना जयनगर थाना पुलिस को दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मिट्टी हटाकर शव को बाहर निकाला, तो युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के कई गहरे निशान मिले. शुरुआती हालात देखकर ही साफ हो गया था कि युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए जमीन में दफनाया गया था. उस वक्त शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, इसलिए पुलिस ने उसे मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया था.
पेट्रोल पंप पर लावारिस मिली स्कूटी ने खोली कड़ी
छानबीन के दौरान पुलिस ने जब मृतक की शिनाख्त कराई, तो उसकी पहचान बिश्रामपुर के कार्मल स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र सुजल बरेट के रूप में हुई. छात्र की पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने जब उसके घर और आसपास के इलाके में पूछताछ शुरू की, तो एक और बड़ा सुराग हाथ लगा. पता चला कि सुजल की स्कूटी उसके घर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी है. इस सुराग के मिलते ही पुलिस का शक गहरा गया और वे सीधे सुजल के घर जा पहुंचे.
दरवाजे पर लगा था ताला, अंदर मिला मां का शव
जब पुलिस सुजल के घर पहुँची, तो मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ा हुआ था. सुजल की मां रजनी बरेट के बारे में भी कोई अता-पता नहीं चल रहा था. किसी अनहोनी की आशंका को भांपते हुए पुलिस ने तुरंत रिश्तेदारों को मौके पर बुलाया. उनकी मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा गया.
जैसे ही पुलिस टीम घर के अंदर दाखिल हुई, अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. घर के बाथरूम के अंदर सुजल की मां रजनी बरेट का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ था. बता दें कि रजनी एक सरकारी शिक्षिका थीं और उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ इसी घर में रहती थीं.
फॉरेंसिक टीम जुटा रही है सबूत
एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस तरह अलग-अलग जगहों पर लाश मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को सील कर दिया. चूंकि रात काफी हो चुकी थी, इसलिए घर के अंदर की विस्तृत जांच और साक्ष्य जुटाने का काम सुबह के लिए सुरक्षित रखा गया. अब फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंचकर घर के चप्पे-चप्पे से फिंगरप्रिंट और अन्य अहम सबूत जुटाने में जुटी है.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मां और बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, क्या दोनों हत्याएं आपस में जुड़ी हैं और इसके पीछे असल में किसका हाथ है. पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद इस पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: रील के चक्कर में मर्यादा भूलीं लड़कियां, गरबा ड्रेस पहन पिस्तौल के साथ बनाया वीडियो, 9 गिरफ्तार
ADVERTISEMENT


