छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर हुए हालिया प्रदर्शन को लेकर साय ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे किसी जिम्मेदार नेता से ऐसे 'पॉलिटिकल स्टंट' की उम्मीद बिल्कुल नहीं की जाती. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ और बेहद निंदनीय करार दिया.
ADVERTISEMENT
नीट मामले पर सरकार गंभीर, सख्त एक्शन जारी
नीट पेपर लीक मामले पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने साफ किया कि केंद्र सरकार इस मुद्दे को लेकर पहले दिन से बेहद सख्त और गंभीर है. उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं गया है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेपर लीक जैसी घटनाओं को 'पाप' बता चुके हैं और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर जोर दे चुके हैं. उन्होंने कहा कि पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ नीट परीक्षा दोबारा कराई गई और इसके नतीजे भी जारी किए जा चुके हैं.
कांग्रेस पर युवाओं को भड़काने का आरोप
सीएम साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी नीट मुद्दे का सहारा लेकर सिर्फ और सिर्फ अपना राजनीतिक उल्लू सीधा करना चाहती है. उन्होंने कहा कि "कांग्रेस युवाओं के कंधों पर बंदूक रखकर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है. धारा 144 वाले प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर इस तरह का प्रदर्शन लोकतंत्र की गरिमा को तार-तार करता है."
जनता वक्त आने पर देगी करारा जवाब
अपनी बात खत्म करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के नागरिक सब समझते हैं और इस तरह की नीची राजनीति को कतई स्वीकार नहीं करेंगे. उन्होंने याद दिलाया कि संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान सबसे ऊपर है. जो लोग इसका अनादर कर रहे हैं, देश की जनता सही वक्त आने पर उन्हें चुनाव के जरिए करारा जवाब देगी.
ADVERTISEMENT


