दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है. ममता बनर्जी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह चुनाव केवल वोट का नहीं, बल्कि देश के जनतंत्र और बंगाली अस्मिता को बचाने का चुनाव है.
ADVERTISEMENT
'क्या बंगाल में आतंकवादी रहते हैं?'
केजरीवाल ने बंगाल में भारी संख्या में केंद्रीय बलों और आर्मी की तैनाती पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने कहा, 'पूरे देश से आर्मी इकट्ठी करके बंगाल भेज दी गई है. क्या बंगाल में आतंकवादी रहते हैं? क्या आप लोग आतंकवादी हैं? यह बंगाल की संस्कृति और अस्मिता पर हमला है.' उन्होंने बंगाल के लोगों से इस अपमान का जवाब वोट के जरिए देने की अपील की.
27 लाख वोट काटने का लगाया 'षड्यंत्र'
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने हार के डर से बंगाल के 27 लाख वोटरों के नाम लिस्ट से कटवा दिए हैं. उन्होंने कहा, 'अगर आपका वोट नहीं है, तो आप देश के नागरिक नहीं हैं. किसी परिवार में मां-बाप का वोट है तो बेटे का काट दिया गया है. यह जनतंत्र को खत्म कर तानाशाही लाने की कोशिश है.' साथ ही उन्होंने दावा किया कि केरल, चेन्नई और गोवा से ट्रेनें भरकर फर्जी वोट डलवाने के लिए लोग लाए जा रहे हैं.
'अकेली महिला के पीछे पड़ी है पूरी बीजेपी'
ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी के इतने मुख्यमंत्री और मंत्री एक अकेली महिला के पीछे पड़े हैं, फिर भी वह मजबूती से खड़ी हैं. उन्होंने कहा, 'दीदी के साथ काली माई का आशीर्वाद है, तभी उन्हें यह शक्ति मिलती है.' केजरीवाल ने दिल्ली का उदाहरण देते हुए चेतावनी दी कि अगर बीजेपी सत्ता में आई तो बंगाल की महिलाओं को मिलने वाली 1500 रुपये की मासिक सहायता और अन्य सुविधाएं बंद कर दी जाएंगी.
बीजेपी समर्थकों से भी की ममता को वोट देने की अपील
केजरीवाल ने एक भावुक अपील करते हुए कहा कि इस बार अपनी पार्टी और विचारधारा को भूलकर केवल देश को बचाने के लिए टीएमसी को वोट दें. उन्होंने बीजेपी, कांग्रेस और लेफ्ट के समर्थकों से भी कहा कि वे ममता दीदी का साथ दें क्योंकि 'देश बचेगा तभी पार्टी बचेगी.' उन्होंने कांग्रेस और लेफ्ट को वोट देने को 'वोट खराब करना' बताया.
'इतिहास लिखा जाएगा तो केजरीवाल का भी नाम होगा'
आजादी की लड़ाई में बंगाल के क्रांतिकारियों सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस के योगदान को याद करते हुए केजरीवाल ने कहा कि आज भी आजादी और जनतंत्र को बचाने की वैसी ही लड़ाई लड़ी जा रही है. उन्होंने कहा, 'कल जब इतिहास लिखा जाएगा कि बंगाल जनतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रहा था, तब उसमें यह भी लिखा जाएगा कि केजरीवाल भी उनके साथ खड़ा होने आया था.'
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


