Barapullah Phase 3 Elevated Road News: दिल्ली वासियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. दरअसल, बारापुला फेज 3 एलिवेटेड सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. लंबे समय से चले आ रहे इस प्रोजेक्ट का आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उद्घाटन करने वाले हैं. इस नए एलिवेटेड कॉरिडोर के शुरू होने से दक्षिणी दिल्ली से पूर्वी दिल्ली और नोएडा-गाजियाबाद की तरफ जाने वाले लाखों वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी निजात मिलने वाली है.
ADVERTISEMENT
1941 करोड़ की लागत से बना सिग्नल फ्री कॉरिडोर
बारापुला फेज 3 प्रोजेक्ट लगभग 1941 करोड़ रुपये की कुल लागत से तैयार किया गया है. यह एलिवेटेड सड़क सराय काले खां के पास पहले से बने बारापुला फ्लाईओवर से कनेक्ट होकर यमुना नदी के ऊपर से सीधे मयूर विहार तक जाएगी. लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा तैयार किए गए इस कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह से सिग्नल फ्री रास्ता प्रदान करेगा. यानी एम्स अस्पताल से चलने वाले लोग अब बिना किसी रेड लाइट या रुकावट के सीधे मयूर विहार तक का सफर तय कर पाएंगे.
DND पर कम होगा ट्रैफिक का भारी दबाव
अब तक दक्षिणी दिल्ली से मयूर विहार, नोएडा या गाजियाबाद जाने के लिए अधिकांश वाहनों को DND फ्लाईवे का रुख करना पड़ता था. इसके चलते DND पर अक्सर गाड़ियों का भारी दबाव रहता था और लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ता था. नए बारापुला एलिवेटेड रोड के चालू होने से DND पर गाड़ियों का लोड काफी कम हो जाएगा. जो सफर तय करने में पहले एक घंटे से भी ज्यादा का समय लगता था, अब वह दूरी महज कुछ ही मिनटों में पूरी की जा सकेगी.
बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर से किसे मिलेगा फायदा
सिग्नल-फ्री सफर: मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक सीधा रास्ता मिलेगा. मौजूदा बारापुला से जुड़कर करीब 9 किमी का सिग्नल-फ्री कॉरिडोर बनेगा. इससे एम्स और दक्षिणी दिल्ली तक बिना बार-बार रुकावट के पहुंचना आसान होगा.
समय की बचत: पूर्वी दिल्ली और नोएडा से एम्स जाने में अभी करीब 35-40 मिनट लगते हैं. नया रास्ता शुरू होने के बाद यह सफर करीब 15 मिनट में पूरा हो सकेगा.
जाम से राहत: NH-24, DND फ्लाईवे, रिंग रोड, सराय काले खां और अक्षरधाम इलाके में ट्रैफिक का दबाव कम होगा. दक्षिणी दिल्ली से पूर्वी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद जाने वालों को एक तेज वैकल्पिक रास्ता मिलेगा.
साइकिल और पैदल चलने की सुविधा: इस कॉरिडोर में साइकिल चलाने वालों और पैदल लोगों के लिए अलग रास्ता बनाया गया है. इससे लोग छोटी दूरी के लिए साइकिल या पैदल सफर कर सकेंगे.
ट्रांसपोर्ट हब तक आसान पहुंच: सराय काले खां के पास ISBT, मेट्रो, रेलवे, NCRTC और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जैसे प्रमुख ट्रांसपोर्ट साधनों तक पहुंच आसान होगी.
एम्स पहुंचना होगा आसान: दक्षिणी और पूर्वी दिल्ली से एम्स जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा. खासकर इमरजेंसी में अस्पताल तक जल्दी पहुंचने में मदद मिलेगी.
दिल्ली के विकास को मिलेगी नई गति
यह प्रोजेक्ट काफी समय से पेंडिंग था और इसके निर्माण में कई तकनीकी बाधाएं भी सामने आई थीं. हालांकि, सभी अड़चनों को दूर करने के बाद इसका निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया गया. गृह मंत्री अमित शाह बारापुला फेज 3 के साथ-साथ दिल्ली के कई अन्य बुनियादी ढांचागत प्रोजेक्ट्स का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस कॉरिडोर के चालू होने से खासकर उन मरीजों और तीमारदारों को बड़ी सहूलियत मिलेगी जिन्हें आपातकालीन स्थिति में एम्स अस्पताल तक जल्द से जल्द पहुंचना होता है.
यह भी पढ़ें: अब गाड़ी चलाने वाले सावधान, 1 अक्टूबर से बिना PUC कटेगा 10 हजार का चालान, जान लें नियम
ADVERTISEMENT


