कौन हैं मुंडका से BJP विधायक गजेंद्र दराल, जिन पर अपनी ही पार्टी के मंडल अध्यक्ष ने दर्ज कराई FIR? जानें पूरा विवाद

राजेश खत्री

• 04:43 PM • 17 Sep 2026

Mundka BJP MLA Gajendra Controversy: दिल्ली के मुंडका से बीजेपी विधायक गजेंद्र के खिलाफ बीजेपी मंडल अध्यक्ष से मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. इस कार्रवाई के बाद कंझावला थाने के बाहर दिल्ली देहात के लोग भारी संख्या में एकत्र हो गए. ग्रामीणों ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए अपनी शिकायत पर भी कार्रवाई की मांग की है.

मुंडका विधायक पर एफआईआर के बाद गरमाई राजनीति
मुंडका विधायक पर एफआईआर के बाद गरमाई राजनीति
Google CTA

Delhi BJP MLA Gajendra controversy:राजधानी दिल्ली के मुंडका क्षेत्र में राजनीति और जातीय तनाव चरम पर पहुंच गया है. मुंडका से बीजेपी विधायक गजेंद्र के खिलाफ कंझावला पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. यह कार्रवाई बीजेपी मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर की गई है, जिसमें विधायक पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, इस कार्रवाई के तुरंत बाद कंझावला थाने के बाहर दिल्ली देहात के ग्रामीणों का जमावड़ा शुरू हो गया और लोगों ने जमकर नारेबाजी की.

थाने के बाहर एकत्रित हुए दिल्ली देहात के लोगों और बुजुर्गों का कहना है कि पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि दूसरे पक्ष द्वारा उनके समाज, बहन-बेटियों और धार्मिक मान्यताओं पर अभद्र टिप्पणियां की गई थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने तीन दिन पहले ही पुलिस को सौंपी थी.

Read more!

तीन दिन बाद भी दर्ज नहीं हुई FIR

प्रदर्शन कर रहे दिल्ली देहात के बुजुर्गों ने बताया कि उन्होंने तीन दिन पहले ही कंझावला थाने के एसएचओ को लिखित शिकायत दी थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संबंधित युवक (मंडल अध्यक्ष) द्वारा समाज और बहन-बेटियों के खिलाफ बेहद गंदी भाषा का इस्तेमाल किया गया था.

ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि उनकी शिकायत पर तीन दिन बीत जाने के बाद भी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जबकि दूसरी तरफ से आई शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज कर लिया गया. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस निष्पक्ष जांच करने के बजाय एकतरफा दबाव में काम कर रही है.

सुनील की गिरफ्तारी और FIR की मांग पर अड़े लोग

थाने के बाहर मौजूद लोगों ने मांग की है कि जिस युवक के बयान पर विधायक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उसके खिलाफ भी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए.

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि वे अपने समाज के युवाओं को शांत रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अगर पुलिस ने उनकी शिकायत पर तुरंत निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो स्थिति बिगड़ सकती है.

कौन हैं बीजेपी विधायक गजेंद्र सिंह?

गजेंद्र सिंह दराल मुंडका से बीजेपी के पहली बार विधायक बने हैं. इससे पहले वह मुंडका के वार्ड नंबर 35 से निगम पार्षद रह चुके हैं. वह स्टैंडिंग कमिटी के सदस्य भी रहे हैं. इसके अलावा दराल बीजेपी में बाहरी दिल्ली के महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जसबीर कराला को करीब 10 हजार वोटों के अंतर से हराया था.

यह भी पढ़ें: दिल्ली: DTC बसों की हड़ताल, सड़कों पर अचानक खड़ी हुईं बसें... आखिर क्यों फूटा ड्राइवरों का गुस्सा, जानें वजह?