जयपुर: आशुतोष रांका समेत 60 कार्यकर्ताओं पर FIR, जानिए क्यों दर्ज हुआ केस और क्या है पूरा मामला?

आंचल गुप्ता

26 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 26 2026 11:46 AM)

CJP Ashutosh Ranka FIR Jaipur news: राजस्थान में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का 'स्कूल ठीक करो' अभियान विवादों में घिर गया है. जयपुर के रामपुरा कवरपुरा गांव में स्कूल निरीक्षण के दौरान हुए विवाद में आशुतोष रांका सहित 60 लोगों पर SC/ST एक्ट में केस दर्ज हुआ है. वहीं जोधपुर सेमिनार के बाहर हंगामे के बाद पुलिस ने 11 लोगों को हिरासत में लिया है.

आशुतोष रांका पर दर्ज हुई FIR
आशुतोष रांका पर दर्ज हुई FIR
Google CTA

CJP Ashutosh Ranka FIR Jaipur: राजस्थान में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से चलाए जा रहे 'स्कूल ठीक करो' अभियान की शुरुआत एक स्कूल निरीक्षण से हुई थी, लेकिन अब यह मामला एफआईआर, एससी/एसटी एक्ट, मारपीट और पुलिस हिरासत तक पहुंच गया है. जयपुर के रामपुरा कवरपुरा गांव से शुरू हुआ यह विवाद अब जोधपुर तक फैल चुका है, जहां रविवार को सीजेपी के राष्ट्रीय सह-संयोजक आशुतोष रांका के कार्यक्रम के बाहर जोरदार हंगामा हुआ.

Read more!

21 अगस्त से शुरू हुआ विवाद: जयपुर में दो क्रॉस एफआईआर दर्ज

पूरी कहानी 21 अगस्त से शुरू होती है जब सीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल आशुतोष रांका की अगुवाई में जयपुर के रामपुरा कवरपुरा गांव पहुंचा. सीजेपी का दावा था कि वहां का सरकारी स्कूल बेहद बदहाल स्थिति में है और उसका इस्तेमाल कथित तौर पर मवेशियों के बाड़े की तरह किया जा रहा है.

हालांकि, स्कूल पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों और सीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और झड़प हो गई. इस घटना में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में मामले दर्ज कराए गए हैं:

ग्रामीणों की शिकायत पर केस: गांव के एक निवासी का आरोप है कि आशुतोष रांका 50 से 60 कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे, गांव के लोगों और महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया तथा विरोध करने पर मारपीट की. साथ ही जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का गंभीर आरोप लगाया गया. इसी शिकायत के आधार पर आशुतोष रांका व 50-60 कार्यकर्ताओं पर BNS की धाराओं और एससी/एसटी एक्ट में एफआईआर दर्ज की गई है.

सीजेपी का पक्ष और शिकायत: दूसरी ओर, सीजेपी नेता रेखा शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वे ग्रामीणों के बुलावे पर ही स्कूल का जायजा लेने पहुंचे थे. उनका आरोप है कि गांव की सीमा पर कुछ लोगों ने उनकी गाड़ियों को रोका और बातचीत के दौरान उन पर ईंट, डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया. सीजेपी का दावा है कि उनके वालंटियर सुरेंद्र उर्फ संजू वर्मा का हाथ फ्रैक्चर हो गया और सलमान नाम के कार्यकर्ता को गंभीर चोटें आईं. इस आधार पर दूसरी एफआईआर दर्ज की गई.

यह पढ़ें: जयपुर: बदला गया तबेले वाले स्कूल का नजारा, सामने आई नई तस्वीर !

जोधपुर में सेमिनार के बाहर हंगामा, 11 लोग हिरासत में

जयपुर के इस विवाद की आंच जोधपुर तक पहुंची. रविवार को आशुतोष रांका जोधपुर के गांधी शांति प्रतिष्ठान में 'शिक्षा और नई पीढ़ी के सवाल' विषय पर आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे.

इसी दौरान कार्यक्रम स्थल के बाहर कुछ लोग जमा हो गए और 'जय श्री राम' तथा 'कॉकरोच गो बैक' के नारे लगाने लगे. देखते ही देखते वहां धक्का-मुक्की और मारपीट के हालात बन गए. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को दखल देना पड़ा.

जोधपुर डीसीपी सिटी ईस्ट के अनुसार, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके से 11 लोगों को हिरासत में लिया गया. पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों की किसी संगठन से औपचारिक संबद्धता की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में उनके छात्र संगठनों से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है.

क्या राजनीतिक मोड़ ले रहा है सीजेपी का अभियान?

सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने का मुद्दा उठाने निकली सीजेपी की मुहिम अब कानूनी दांव-पेच और सामाजिक-राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गई है. एक तरफ जहां पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों, एससी/एसटी एक्ट के केस और जोधपुर हंगामे की जांच कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सीजेपी की इस मुहिम पर लगातार सवाल भी उठ रहे हैं. जांच के बाद ही इस पूरे विवाद की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी.

यह भी पढ़ें: CJP संयोजक अभिजीत दिपके पर लातूर में FIR! शिक्षकों ने लगाए ये 4 गंभीर आरोप