जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले ही गिरफ्तार हो जाएंगे CJP के अभिजीत दीपके और सौरव दास? जानिए चर्चा के पीछे की बड़ी वजह

अनुराधा तंवर

• 03:20 PM • 08 Oct 2026

CJP Protest Update: 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके और सौरव दास की गिरफ्तारी की चर्चा तेज है. सौरव दास ने सरकार पर नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बनाने का आरोप लगाया है, जबकि दीपके ने CJP समर्थकों को पुलिस नोटिस मिलने का दावा किया है. जानें पूरा मामला.

CJP Protest Update
CJP Protest Update
Google CTA

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं द्वारा आगामी 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया गया है. लेकिन इस प्रोटेस्ट के शुरू होने से पहले ही CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संस्थापक सौरव दास की गिरफ्तारी को लेकर अटकलें और चर्चाएं तेज हो गई हैं. खुद सीजेपी के ये नेता इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि प्रोटेस्ट से पहले सरकार उन्हें और उनके अन्य साथियों को गिरफ्तार कर सकती है. इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में सरगर्मी बढ़ गई है.

Read more!

सौरव दास ने एक्स पर पोस्ट कर जताई थी आशंका

इससे पहले CJP के सह-संस्थापक सौरव दास ने 4 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी गिरफ्तारी की आशंका खुलकर जाहिर की थी. अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि सरकार उन्हें, अभिजीत दीपके, आशुतोष रंका, रत्ना सिंह और कॉकरोच जनता पार्टी के अन्य नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि अगर सरकार को लगता है कि ऐसे तानाशाही कदम कारगर होंगे, तो वह गलतफहमी में है. साथ ही उन्होंने युवा पीढ़ी से अपने अधिकारों और भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखने की अपील की थी.

अभिजीत दीपके का महाराष्ट्र पुलिस पर गंभीर आरोप

मामले में आगे बढ़ते हुए अभिजीत दीपके ने भी 6 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि महाराष्ट्र पुलिस सीजेपी के वॉलंटियर्स को नोटिस भेजकर दिल्ली यात्रा के खर्च का ब्यौरा और उसकी जानकारी मांग रही है. इसके अलावा, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से यह धमकी दी जा रही है कि विरोध प्रदर्शन हिंसक हो सकता है. अभिजीत ने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को बाधित करने के लिए ऐसी योजनाएं क्यों बनाई जा रही हैं.

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहा है विरोध

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के साथ-साथ कॉकरोच जनता पार्टी भी मोर्चा खोले हुए है. इसी मुद्दे को लेकर CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर एक बड़े जन आंदोलन और प्रोटेस्ट का ऐलान किया है. इससे पहले 6 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भी जोरदार प्रदर्शन किया था, जिसके दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था. बहरहाल, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन और CJP नेताओं के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं.

10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होगा CJP का प्रोटेस्ट? सस्पेंस के बीच आई बड़ी खबर