AI Summit Protest: एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस सांसद ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
कांग्रेस सांसद के अनुसार उदय भानु चिब को पहले लगभग 20 घंटे तक पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया और उसके बाद सुबह 4:30 बजे ऑफिशिली गिरफ्तार कर लिया गया. कांग्रेस ने इसे 'लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश' बताया है.
शशिकांत सेंथिल
इस मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने पोस्ट करते हुए लिखा कि दिल्ली पुलिस ने 20 घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ करने के बाद तड़के 4 बजे उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया. उन्होंने कहा कि उन्हें उदय और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर गर्व है और युवाओं के मुद्दों की लड़ाई जारी रहेगी.
मुद्दे उठाने पर की गई है कार्रवाई
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि एआई समिट के दौरान युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने पर यह कार्रवाई की गई है. वहीं, खबर लिखे जाने तक दिल्ली पुलिस की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है. जबकि पुलिस की ओर से अब तक गिरफ्तारी की वजह स्पष्ट नहीं की गई है. मामले को लेकर कांग्रेस और पुलिस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.
कौन हैं उदय भानु चिब?
उदय भानु चिब जम्मू के पलौड़ा इलाके के रहने वाले है. वे वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के बेटे हैं और शुरुआत से ही राजनीति से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई से की. संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए वे जम्मू-कश्मीर एनएसयूआई के अध्यक्ष बने. बाद में उन्हें एनएसयूआई का राष्ट्रीय महासचिव भी नियुक्त किया गया.
इसके बाद उन्होंने प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली. पार्टी के प्रति उनकी सक्रियता और संगठन में लगातार काम को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया.
ये भी पढ़ें: AI समिट प्रोटेस्ट मामले में गिरफ्तार कांग्रेस यूथ नेता जितेंद्र यादव का क्या है मध्य प्रदेश कनेक्शन?
ADVERTISEMENT

