Delhi Park Booking Rules: दिल्ली के पार्कों में अब पिकनिक से प्री-वेडिंग शूट तक की बुकिंग, जानें किस काम के लिए कितनी फीस?

• 01:53 PM • 28 Nov 2026

DDA New Rules: दिल्ली के पार्कों में अब सिर्फ घूमने और जॉगिंग करने ही नहीं, बल्कि कई तरह के निजी और सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने का भी मौका मिलेगा. DDA ने चुनिंदा पार्कों की बुकिंग के लिए नई पॉलिसी और रेट कार्ड जारी किया है. स्कूलों से लेकर फिल्म शूटिंग तक के लिए अलग-अलग शुल्क तय किए गए हैं.

दिल्ली के 17 पार्कों में इवेंट और फंक्शन बुकिंग के नए रेट जारी
दिल्ली के 17 पार्कों में इवेंट और फंक्शन बुकिंग के नए रेट जारी
Google CTA

Delhi Park Booking Rules: दिल्ली के पार्कों में अब सिर्फ सैर-सपाटे और जॉगिंग ही नहीं, बल्कि स्कूल पिकनिक, प्री-वेडिंग फोटोशूट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जा सकेंगी. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी के चुनिंदा पार्कों में अलग-अलग आयोजनों के लिए नई बुकिंग पॉलिसी और रेट कार्ड जारी किया है. इसके तहत आयोजन की प्रकृति और पार्क में इस्तेमाल होने वाली जगह के आधार पर शुल्क तय किया गया है. खास बात यह है कि स्कूलों को शैक्षणिक गतिविधियों के लिए महज 1 रुपये प्लस GST में पार्क बुक करने की सुविधा मिलेगी.

Read more!

स्कूल पिकनिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए सिर्फ 1 रुपये शुल्क

नई पॉलिसी के तहत सरकारी और निजी स्कूलों को पार्कों में पिकनिक और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित करने के लिए बड़ी राहत दी गई है. स्कूल पेंटिंग प्रतियोगिता, फोटोग्राफी, डिबेट और अन्य शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए तय जगह की बुकिंग महज 1 रुपये प्लस GST में करा सकेंगे. यह सुविधा गैर-व्यावसायिक और बिना टिकट वाले आयोजनों के लिए होगी. वहीं, निर्धारित श्रेणी से अलग गतिविधियों के आयोजन पर बुकिंग शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी.

प्री-वेडिंग और पोस्ट-वेडिंग शूट के लिए देने होंगे 5 हजार रुपये

DDA ने प्री-वेडिंग और पोस्ट-वेडिंग फोटोशूट के लिए भी शुल्क तय किया है. इसके लिए अब 5,000 रुपये प्रतिदिन प्लस GST देना होगा. हालांकि, पार्कों में शादी समारोह, वेडिंग रिसेप्शन और राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति नहीं होगी. इन गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी.

कमर्शियल शूटिंग के लिए 1 लाख रुपये प्रतिदिन शुल्क

पार्कों में कमर्शियल फिल्मों, विज्ञापनों और डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग करना भी अब तय शुल्क के आधार पर संभव होगा. इसके लिए 1 लाख रुपये प्रतिदिन प्लस GST देना होगा. इसके अलावा आयोजकों को रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा करानी होगी. नियमों का पालन करने और शूटिंग के बाद जगह को सही स्थिति में छोड़ने पर यह राशि वापस की जाएगी. वहीं, मेहरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क में कुली खान के मकबरे के पास स्थित चारबाग क्षेत्र की कमर्शियल बुकिंग के लिए 5 लाख रुपये प्रतिदिन का शुल्क तय किया गया है. इस पर टैक्स और अन्य लागू शुल्क अलग से देने होंगे.

म्यूजिक कॉन्सर्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी बुकिंग

नई व्यवस्था के तहत म्यूजिक कॉन्सर्ट, थिएटर, साहित्य उत्सव, बुक फेयर, कला प्रदर्शनी, योग, मेडिटेशन, वर्कशॉप और सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे. इन आयोजनों के लिए पार्क में इस्तेमाल होने वाली जगह के आकार और क्षमता के हिसाब से 3,000 रुपये से लेकर 18,000 रुपये प्रतिदिन प्लस GST तक शुल्क देना होगा. हालांकि, मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थानों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) और स्वायत्त संस्थाओं को निर्धारित शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी.

दिल्ली के किन पार्कों में मिलेगी बुकिंग की सुविधा?

DDA की इस पॉलिसी के तहत राजधानी के चुनिंदा पार्कों को बुकिंग के लिए शामिल किया गया है. इनमें संजय लेक, हौज खास पार्क, बांसेरा, इंद्रप्रस्थ पार्क, स्वर्ण जयंती पार्क रोहिणी, असिता यमुना रिवर फ्रंट, मेहरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क, आस्था कुंज, कोरोनेशन पार्क और द्वारका के जिला पार्क शामिल हैं.

ऑनलाइन होगी पार्कों की बुकिंग, जानें क्या हैं नियम

पार्कों की बुकिंग के लिए सिंगल विंडो ऑनलाइन सिस्टम शुरू किया गया है. इसके जरिए आवेदक पार्कों की उपलब्धता, उनकी क्षमता और बुकिंग शुल्क की जानकारी हासिल कर सकेंगे. आयोजन के लिए आमतौर पर कम से कम पांच कार्यदिवस पहले आवेदन करना होगा. हालांकि, आवेदन करने भर से बुकिंग पक्की नहीं होगी. इसके लिए DDA की मंजूरी जरूरी होगी. आयोजन के दौरान पार्क की सफाई और हरियाली बनाए रखने की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी.

कार्यक्रम खत्म होने के बाद यदि जगह गंदी मिलती है तो 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. इसके अलावा प्रभावित क्षेत्र की सफाई के लिए 2.85 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से अतिरिक्त शुल्क भी देना होगा. इस नई व्यवस्था के तहत दिल्ली के पार्कों में अब कई तरह के सार्वजनिक और निजी आयोजन किए जा सकेंगे. हालांकि, इसके लिए DDA के तय नियमों और बुकिंग शुल्क का पालन करना अनिवार्य होगा.

यह भी पढ़ें: Delhi Toll Update: सिंगापुर-दुबई जैसी तकनीक से बदलेगा दिल्ली में प्रवेश का अंदाज, जानिए कैसे काम करेगा MLFF सिस्टम