Delhi Toll Update: सिंगापुर-दुबई जैसी तकनीक से बदलेगा दिल्ली में प्रवेश का अंदाज, जानिए कैसे काम करेगा MLFF सिस्टम

MLFF Toll System: दिल्ली-एनसीआर के बॉर्डर पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल प्रणाली लागू करने की तैयारी है. सिंगापुर और दुबई जैसी बैरियर-फ्री तकनीक में ओवरहेड गैंट्री, RFID रीडर और ANPR कैमरों की मदद से चलते वाहनों का टोल अपने आप कटेगा. जानिए कैसे काम करेगी यह व्यवस्था और क्या है फायदे.

ADVERTISEMENT

Delhi Toll Update
दिल्ली के बॉर्डर्स पर लागू होने जा रहा MLFF सिस्टम
Google CTA

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम से रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बॉर्डर टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल प्रणाली लागू करने की तैयारी की जा रही है. सिंगापुर, दुबई और यूरोपीय देशों में प्रचलित इस बैरियर-फ्री तकनीक के लागू होने से दिल्ली के प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों की आवाजाही बिना रुके और अधिक सुगम होने की उम्मीद जताई गई है. आइए विस्तार से जानते हैं आखिर कैसे काम करेगी यह तकनीक और इसके फायदे.

बिना बैरियर और बिना रुके कैसे काम करेगी MLFF प्रणाली

पारंपरिक टोल बूथ और बूम बैरियर वाली व्यवस्था में प्रत्येक वाहन को फास्टैग स्कैनिंग और भुगतान प्रक्रिया के लिए 10 से 20 सेकंड रुकना पड़ता है, जिससे व्यस्त समय में लंबी कतारें लग जाती हैं. नई MLFF प्रणाली पूरी तरह बैरियर-फ्री होगी, जिसमें सड़क के ऊपर ओवरहेड गैंट्री लगाई जाएगी. इस संरचना पर लगे हाई-स्पीड आरएफआईडी (RFID) रीडर लगभग 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरते वाहनों के फास्टैग को स्कैन करेंगे और एएनपीआर (ANPR) कैमरे नंबर प्लेट की तस्वीर दर्ज करेंगे, जिससे फास्टैग वॉलेट से स्वतः टोल कट जाएगा और वाहन को धीमा करने या रोकने की जरूरत नहीं रहेगी.

प्रमुख बॉर्डर्स और कमर्शियल वाहनों पर संभावित प्रभाव

दिल्ली के प्रवेश मार्गों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में निजी और वाणिज्यिक वाहन प्रवेश करते हैं. गाजीपुर बॉर्डर, बदरपुर बॉर्डर, डीएनडी फ्लाईवे, रजोकरी और टिकरी बॉर्डर जैसे प्रमुख मार्गों पर टोल और एमसीडी के कमर्शियल टैक्स से जुड़ी प्रक्रियाओं के कारण जाम की स्थिति बनती है. इस व्यवस्था के लागू होने से ट्रक, कैब और अन्य वाणिज्यिक वाहनों को टोल या टैक्स प्रक्रिया के लिए सड़क के किनारे नहीं रुकना पड़ेगा, जिससे पीछे चलने वाले वाहनों का रास्ता भी बाधित नहीं होगा.

ईंधन बचत, प्रदूषण नियंत्रण और तनावमुक्त सफर

इस तकनीक के अमल में आने से यात्रियों और शहरी परिवहन को तीन प्रमुख लाभ मिलने की बात कही गई है: वाहनों के रुकने और बार-बार चलने से होने वाली ईंधन की बचत, उत्सर्जन व प्रदूषण पर नियंत्रण तथा बिना जाम के अधिक सुगम और तनावमुक्त सफर. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल मानी जा रही इस प्रणाली के लागू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर के सीमावर्ती मार्गों पर यातायात दबाव कम होने की उम्मीद की जा रही है.

सरकार का बड़ा फैसला, गाड़ी वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब हर साल नहीं कराना होगा PUC, जानिए नए नियम