दिल्ली में 78 हजार पुरानी कॉमर्शियल गाड़ियों को बदलने की तैयारी, दूसरा वाहन खरीदने पर ओनर को मिलेंगे कई बड़े फायदे

सुशांत मेहरा

02 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 2 2026 2:19 PM)

दिल्ली में 78 हजार पुराने भारी वाहनों को स्वच्छ वाहनों में बदलने की तैयारी है. जानिए 'परिवर्तन' योजना के तहत सरकार नए या यूज्ड वाहन खरीदने पर क्या-क्या फायदे दे रही है.

NewsTak
प्रतीकात्मक तस्वीर: AI
Google CTA

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. राज्य सरकार राजधानी की सड़कों पर दौड़ रहे 78 हजार व्यावसायिक वाहनों को बदलने की तैयारी कर रही है. यानी वाहन मालिक अपनी पुरानी BS-3 या BS-4 वाहन को स्क्रैप कराकर नए वाहन पर कई बड़े फायदे ले सकते हैं. इससे उन्हें नया वाहन मिलने के साथ दिल्ली-NCR में निर्बाध रूप से माल ढुलाई या सवारी गाड़ियों का इस्तेमाल कर सकते हैं वहीं स्क्रैप कराकर नया  BS-6, CNG या इलेक्ट्रिक वाहन लेने पर उसपर अधिकतम 10 सालों तक का रजिस्ट्रेशन फीस और 10 सालों तक का वेहिकल टैक्स में छूट मिलेगी. इसके अलावा भी सरकार कई फायदे दे रही है.  यदि यूज्ड BS-6, CNG या इलेक्ट्रिक वाहन खरीदता है तो उसपर भी सरकार कई बड़े फायदे दे रही है. 

Read more!

दिल्ली सरकार ने केंद्र की 'परिवर्तन' योजना को दिल्ली में लागू करने के लिए मंजूरी दे दी है. दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो करीब 2.07 लाख ट्रक और बस मालिकों को योजना का फायदा मिलने की संभावना है. फिलहाल यह योजना स्वैच्छिक है. यानी वाहन मालिकों पर गाड़ी बदलने की जबरदस्ती नहीं होगी. 

वाहन मालिकों को दिए जा रहे और फायदे  

 वाहन खरीदने के लिए लिए गए लोन पर 5 फीसदी ब्याज सब्सिडी भी दी जाएगी. योजना में शामिल वाहन निर्माता यानी OEM की ओर से 8 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी. यही नहीं पात्र वाहनों के लिए ईंधन वाउचर या उसके रियायती मूल्य के बराबर एकमुश्त लाभ दिया जाएगा.  

इलेक्ट्रिक वाहनों पर ज्यादा बेनिफिट्स 

अगर कोई वाहन मालिक अपना BS-IV या उससे पुराना हल्का मालवाहक वाहन (LGV) स्क्रैप करके नया इलेक्ट्रिक LGV खरीदता है तो उसे 10 साल तक 100 प्रतिशत मोटर वाहन कर और रजिस्ट्रेशन शुल्क में पूरी छूट के साथ 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और 8 प्रतिशत तक OEM डिस्काउंट मिलेगा. इसके अलावा यदि वाहन मालिक नया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के बजाय पुराना इलेक्ट्रिक वाहन खरीदता है तो 10 सालों के लिए 50 प्रतिशत मोटर वाहन कर में छूट, 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और ईंधन वाउचर के बराबर एकमुश्त लाभ मिलेगा. 

बड़े ट्रक और मालवाहक भी योजना में  

BS-4 या उससे पुराने और भारी मालवाहक वाहनों (MGV/HGV) को भी योजना में शामिल किया गया है. ऐसे वाहन को स्क्रैप कर नया BS-6, उससे बेहतर उत्सर्जन मानकों वाला या इलेक्ट्रिक मालवाहक वाहन खरीदने पर 10 साल तक 100 प्रतिशत मोटर वाहन कर और 100 फीसदी रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट मिलेगी. इसके साथ 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी, 8 प्रतिशत तक OEM डिस्काउंट और ईंधन वाउचर का लाभ भी मिलेगा. पुराना BS-6 या इलेक्ट्रिक मालवाहक वाहन खरीदने पर 10 साल तक 50 प्रतिशत मोटर वाहन कर में छूट, 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और ईंधन वाउचर के बराबर एकमुश्त लाभ दिया जाएगा. 

योजना पुरानी बसों के लिए भी 

योजना में BS-4 और उससे पुरानी बसों को भी शामिल किया गया है. इन्हें केवल BS-6, CNG या इलेक्ट्रिक बसों से बदला जा सकेगा. बस मालिकों को भी मालवाहक वाहनों की तरह टैक्स छूट, रजिस्ट्रेशन फीस में राहत, ब्याज सब्सिडी, OEM डिस्काउंट और ईंधन वाउचर का लाभ मिलेगा. 

पुरानी गाड़ी स्क्रैप करने पर पुराने पेनाल्टी में भी राहत 

सरकार के मुताबिक, योजना के तहत स्क्रैप किए जाने वाले पात्र वाहनों पर एक साल से ज्यादा समय से लंबित रोड टैक्स और फिटनेस पेनल्टी में भी राहत दी जाएगी. योजना में एक शर्त भी है. इसके तहत दिल्ली में खरीदे जाने वाले नए LGV केवल इलेक्ट्रिक होंगे. वहीं, नई बसों के लिए केवल BS-6, CNG या इलेक्ट्रिक बसों को अनुमति दी जाएगी. 

BS-4 वाहनों को स्क्रैप कराने की मजबूरी नहीं  

वाहन मालिक BS-4 वाहनों को स्क्रैप कराने की जगह वाहनों को दिल्ली-NCR के बाहर नॉन-NCAP शहरों में बेचा जा सकेगा. यानी उन शहरों में जो नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम की सूची में शामिल नहीं हैं. 

Petrol Diesel पर सरकार ने लिया बड़ा फैसला, क्या कीमतों पर पड़ेगा असर ? जान लीजिए पूरा मामला