Adarsh Nagar Murder Case Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक और खौफनाक तस्वीर सामने आई है. दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में एक मामूली सी कहासुनी के बाद सरेआम हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया. बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को पहले गोली मारी और फिर बेरहमी से चाकू से गोदकर उसकी जान ले ली. इस खौफनाक घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
ADVERTISEMENT
10 अगस्त की रात सवा एक बजे की वारदात
यह खौफनाक घटना 10 अगस्त की रात करीब सवा एक बजे की है. दिल्ली के आजादपुर स्थित लाल बाग झुग्गी इलाके में लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट और चीख-पुकार से इलाका दहला उठा. घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम में कॉल आई, जिसमें कॉलर ने बताया कि लाल बाग झुग्गी में एक युवक को गोली और चाकू मारा गया है.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही नीरज ने तोड़ा दम
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और खून से लथपथ हालत में युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान नीरज के रूप में हुई है. पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो पूरी वारदात का सच सामने आ गया.
चश्मदीद साहिल ने खोला कत्ल का सारा राज
वारदात के इकलौते चश्मदीद साहिल ने पुलिस को बताया कि नीरज का इलाके के कुख्यात बीसी (बैड कैरेक्टर) अमन उर्फ मुल्ला के साथ किसी छोटी सी बात पर मामूली झगड़ा हुआ था. रात को जब नीरज घर लौट रहा था, तभी अमन मुल्ला अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा. उसने बिना संभलने का कोई मौका दिए सीधे नीरज पर फायरिंग कर दी. अचानक हुई फायरिंग से घबराकर साहिल वहां से भाग गया, लेकिन जब वह वापस लौटा तो नीरज जमीन पर तड़प रहा था.
रोते-बिलखते परिजनों ने बयां किया अपना दर्द
मृतक नीरज के परिजनों ने बताया कि वह दोस्तों के साथ कांवड़ जल भरने गया था. नीरज ने फोन पर परिजनों से कहा था कि वह 11 तारीख को जल चढ़ाकर घर वापस लौट आएगा. लेकिन आधी रात के वक्त परिवार को खबर मिली कि अमन मुल्ला ने गोली मारकर नीरज की हत्या कर दी है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनका कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी.
पुलिस की कई टीमें दे रहीं ताबड़तोड़ दबिश
महज एक मामूली कहासुनी का बदला लेने के लिए बीसी अमन मुल्ला ने नीरज की हत्या कर दी. इस वारदात ने एक बार फिर राजधानी में पुलिस की गश्त और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल आदर्श नगर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन मुल्ला और उसके साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में चुपके से मोबाइल पर ये क्या कर रहा था शख्स, देखें वायरल वीडियो
ADVERTISEMENT


