'MCD में बार-बार उठाया था मुद्दा, क्या किसी अनहोनी का इंतजार कर रहे थे अधिकारी?' बिल्डिंग हादसे पर AAP पार्षद ने लगाए गंभीर आरोप

आनंद कुमार

• 03:42 PM • 05 Nov 2026

Delhi Building Collapse: दिल्ली के अजमेरी गेट के पास गली सहतारा में तीन मंजिला पुरानी निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. AAP पार्षद ने अवैध निर्माण और बिल्डर माफिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि एमसीडी की बैठकों में पहले भी यह मुद्दा उठाया गया था. विस्तार से जानिए पूरा मामला.

Delhi Building Collapse
Delhi Building Collapse
Google CTA

मध्य दिल्ली के सेंट्रल दिल्ली इलाके के अंतर्गत आने वाले अजमेरी गेट के पास एक बड़ा हादसा सामने आया है. यहां गली सहतारा (शीश महल गली) में सुबह करीब 9:40 से 9:45 बजे के आसपास एक तीन मंजिला पुरानी निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभरा कर ढह गई. इस दर्दनाक हादसे में इमारत के अंदर काम कर रहे दो मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई है, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग (Fire Department) और स्थानीय पुलिस सहित राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया.

Read more!

अवैध निर्माण और 'बिल्डर माफिया' पर गंभीर आरोप

यह इलाका काफी संकरा और भीड़भाड़ वाला है, जहां पिछले कई दिनों से पुरानी बिल्डिंग में रिकंस्ट्रक्शन (पुनर्निर्माण) का काम चल रहा था. स्थानीय लोगों और मौके पर पहुंची आम आदमी पार्टी (AAP) की स्थानीय निगम पार्षद ने इस हादसे के पीछे अवैध निर्माण और बिल्डर माफियाओं की मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया है. पार्षद का कहना है कि इस अवैध कंस्ट्रक्शन को लेकर पहले भी एमसीडी की स्टैंडिंग कमेटी की बैठकों में कई बार आवाज उठाई गई थी और अधिकारियों तथा मेयर को आगाह किया गया था. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि समय रहते अवैध निर्माण पर रोक लगा दी जाती, तो शायद यह अनहोनी टाली जा सकती थी.

प्रशासनिक कार्रवाई और मुआवजे की मांग

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और भारी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए हैं. पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से मौके की घेराबंदी कर दी है और मलबे को हटाने का काम तेजी से जारी है. स्थानीय पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि इस अवैध निर्माण में शामिल बिल्डर्स और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए.

दिल्ली के चावड़ी बाजार में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरा, 2 की मौत